
Smriti Irani Congress SIR: एसआईआर और चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के सवालों के बीच बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर हमला बोला। बीजेपी नेता ने कहा कि निर्वाचन आयोग भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करता है और लोकतंत्र की गरिमा का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार पर आत्ममंथन करने के बजाय कांग्रेस चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है।
इस दौरान बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने लाहौर कांग्रेस अधिवेशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस नेतृत्व ने लाहौर कांग्रेस अधिवेशन का हवाला दिया, जिसे देखकर वह हैरान हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस इतिहास के पन्ने पलटना चाहती है तो उसे अपनी स्थापना से जुड़े इतिहास को भी देश के सामने रखना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि एक नागरिक के तौर पर वह मानती हैं कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का दुनिया के कई देशों में सम्मान किया जाता है।
ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी इस बात से नाराज है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के भीतर उसे जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। इसलिए अपनी हार पर आत्ममंथन करने के बजाय वह चुनाव आयोग को निशाना बना रही है।
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों में, जहां भाजपा सत्ता में नहीं है, क्या कांग्रेस चुनाव आयोग को क्लीन चिट देती है? या फिर वहां भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं?
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दो बार दर्ज है या किसी मृत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में मौजूद है तो कांग्रेस ऐसे नामों को बनाए रखने की मांग क्यों कर रही है?
स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने आज करीब 13 करोड़ 30 लाख नामों का जिक्र किया, जबकि चुनाव आयोग इस मुद्दे पर 26 तारीख को ही बयान जारी कर चुका है।
उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग सार्वजनिक तौर पर यह स्पष्ट कर चुका है कि BLO घर-घर जाकर दस्तावेज जुटाएंगे और संबंधित विवरण का सत्यापन करेंगे, तो कांग्रेस नेतृत्व बार-बार मृत लोगों के नाम और डुप्लीकेट नाम मतदाता सूची में बनाए रखने की बात क्यों कर रहा है?