राष्ट्रीय

महिला आरक्षण से लेकर वंदे मातरम् तक, राहुल गांधी पर स्मृति ईरानी ने साधा निशाना

Smriti Irani: स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण कानून का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस से वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण के गायन की मांग भी की।
2 min read
Aug 23, 2026
Smriti Irani Women Reservation
स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना (Photo-IANS)

Smriti Irani Women Reservation: बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में कहा था कि वह महिलाओं का समर्थन करते हैं। आज मैं उनसे एक अनुरोध करना चाहती हूं। देश की महिलाओं के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने 33 प्रतिशथ आरक्षण का कानून बनाया है, ताकि वे देश की संसद की गरिमा बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। 

पीएम मोदी की पहल को समर्थन करने की अपील

बीजेपी नेता ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे महिलाओं के आरक्षण से जुड़े इस कानून को जल्द लागू करने में सहयोग करें। उन्होंने राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा कि वे पीएम की इस पहल का समर्थन करें और महिलाओं को संसद में नेतृत्व की भूमिका निभाने का अवसर देने वाले 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने में सहयोग करें।

वंदे मातरम् का किया जिक्र

स्मृति ईरानी ने कहा कि मुझे यह भी जानकारी है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में हिंदू धर्म को लेकर कुछ टिप्पणियां की गई थीं। चूंकि उन्होंने धर्म का उल्लेख किया है, इसलिए मैं उनसे एक और अनुरोध करना चाहती हूं। कांग्रेस मुख्यालय में जिस वंदे मातरम् के कुछ अंशों को गाने से रोक दिया गया था, उनमें मां दुर्गा का उल्लेख है।

स्मृति ईरानी ने कहा कि मां दुर्गा, जिन्हें हम शक्ति के स्वरूप के रूप में पूजते हैं, उनके संदर्भ वाले वंदे मातरम् के पूरे संस्करण का कांग्रेस मुख्यालय में गायन होना चाहिए। इससे महिलाओं के मुद्दों के प्रति कांग्रेस और उसके नेताओं द्वारा दिखाई गई रुचि और प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित होगी।

राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम हुआ आयोजित

बता दें कि शनिवार को पुणे के AISSMS कॉलेज ग्राउंड में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा की बात की। कांग्रेस सांसद ने कहा कि महिलाओं को मां, पत्नी या बेटी की भूमिका तक सीमित नहीं देखा जाना चाहिए। इस दौरान मनुस्मृति का भी जिक्र किया। 

राहुल गांधी ने कहा कि मनुस्मृति में लिखा है कि बचपन में महिला पिता के अधीन, युवावस्था में पति के अधीन और पति की मृत्यु के बाद बेटों के अधीन रहती है। राहुल गांधी ने कहा कि मनुस्मृति के अनुसार महिला को कभी स्वतंत्र नहीं होना चाहिए।

Updated on:
23 Aug 2026 03:19 pm
Published on:
23 Aug 2026 03:19 pm