राष्ट्रीय

सोनिया गांधी का 79वां जन्मदिन आज, पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने दी बधाई

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के 79वें जन्मदिन पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत एमके स्टालिन, डीके शिवकुमार और रेवंत रेड्डी जैसे देश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए बधाई दी।

2 min read
Dec 09, 2025
सोनिया गांधी (फोटो- एएनआई)

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का आज 79वां जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोनिया को बधाई देते हुए उनके लिए लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पीएम मोदी के अलावा तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन और कर्नाटक डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के साथ-साथ तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने भी सोनिया को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं।

ये भी पढ़ें

‘पार्टी की कमान संभालो निशांत भाई’… पटना में उठी नीतीश के लाल की मांग, सड़कों पर लगे पोस्टर

पीएम मोदी ने शेयर किया पोस्ट

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्हें लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिले। तमिलनाडु सीएम ने भी सोनिया के जन्मदिन के मौके पर एक्स पर पोस्ट शेयर कर उन्हें बधाई दी। स्टालिन ने लिखा, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं।

उनका जीवन त्याग को दर्शाता है- स्टालिन

स्टालिन ने आगे लिखा, उनका जीवन त्याग और निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा करने वाली यात्रा को दर्शाता है। वे धर्मनिरपेक्षता और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए हमेशा दृढ़ संकल्पित रही हैं। कामना है कि उनका सिद्धांतों पर चलने का तरीका और मार्गदर्शन हमारे सभी सामूहिक प्रयासों को मज़बूत करता रहे, ताकि हम एक प्रगतिशील और समावेशी #INDIA बना सकें।

डीके शिवकुमार ने शेयर किया वीडियो

कर्नाटक डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने सोनिया गांधी की कुछ तस्वीरों के साथ उसमें अपने भाषण की क्लिप जोड़ कर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में शिवकुमार कहते दिख रहे हैं कि, वे मुझसे मिलने तिहार जेल में आई थी। वो एक पार्टी कार्यकर्ता को बचाने आई थी और इस बात के लिए मैं उन्हें सलाम करता हूं। मेरे बाहर आने के बाद गांधी परिवार और सोनिया गांधी ने मुझे कर्नाटक कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया। मैं एक दिन नहीं सोया हूं और तीन सालों में मेहनत करके हमने डबल इंजन सरकार को तोड़ कर एक मजबूत सरकार तैयार की है।

आपकी दूरदर्शिता ने कांग्रेस पार्टी को आकार दिया - शिवकुमार

इस वीडियो को शेयर करते हुए शिवकुमार ने लिखा, हमारे निरंतर समर्थन के स्तंभ सोनिया गांधी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपकी निःस्वार्थ सेवा, बुद्धि और दूरदर्शिता ने कांग्रेस पार्टी को आकार दिया है और लोगों की सेवा करने के हमारे दृढ़ संकल्प को और मजबूत किया है। शिवकुमार ने आगे लिखा, मैं आपके मार्गदर्शन और आपने मेरी पूरी यात्रा के दौरान मुझ पर जो विश्वास दिखाया है, उसके लिए बहुत आभारी हूं। भगवान आपको अच्छा स्वास्थ्य और लोगों की भलाई के लिए काम करते रहने की शक्ति प्रदान करें और आप हम सभी को समर्पण के साथ देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करती रहें।

तेलंगाना सीएम ने सोनिया को कहा अम्मा

तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी अपने एक्स अकाउंट पर सोनिया के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। रेड्डी ने अपने पोस्ट में सोनिया को अम्मा कहते हुए संबोधित किया। रेड्डी ने लिखा, आज, हम अपनी महान नेता सोनिया गांधी का जन्मदिन मना रहे हैं। उनका सबसे बड़ा योगदान यह रहा कि उन्होंने दशकों के संघर्ष के बाद तेलंगाना को अलग राज्य का दर्जा सुनिश्चित करवाया। उन्हें तेलंगाना की सफलता का मूल स्रोत माना जाता है। रेड्डी ने आगे लिखा, जन्मदिन मुबारक सोनिया अम्मा। आप हमें आशीर्वाद और मार्गदर्शन देती रहें ताकि हम तेलंगाना के लोगों की हर दिन, हर तरह से बेहतर सेवा कर सकें।

Updated on:
09 Dec 2025 12:20 pm
Published on:
09 Dec 2025 10:56 am
Also Read
View All

अगली खबर