राष्ट्रीय

सोनिया गांधी की किताब को लेकर पूर्व RAW चीफ एएस दुलत का बड़ा बयान, ऑपरेशन ब्लू स्टार को बताया सरकार की गलती

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' पर पूर्व रॉ प्रमुख एएस दुलत ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे बहुप्रतीक्षित बताया। उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार को तत्कालीन सरकार की गलती करार दिया। वहीं, शशि थरूर ने भी किताब की तारीफ की।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 6:14 PM IST
Sonia Gandhi Book
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी (Photo-IANS)

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस पर पूर्व रॉ प्रमुख एएस दुलत की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इस किताब को बहुप्रतीक्षित बताया है। पूर्व रॉ प्रमुख ने कहा कि इस किताब को हर किसी को पढ़ना चाहिए। दुलत के मुताबिक, यह किताब केवल सोनिया गांधी के निजी जीवन से जुड़ी घटनाओं तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें भारत के इतिहास और उसके सफर से जुड़ी कई दिलचस्प और महत्वपूर्ण बातें भी सामने आएंगी।

एएस दुलत ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में जो कुछ लिखा है, वह कई मायनों में लोगों के लिए जागरूकता बढ़ाने वाला साबित होगा। इसमें उनके जीवन के साथ-साथ देश के इतिहास से जुड़े कई अहम पहलुओं पर भी रोशनी पड़ सकती है।

ऑपरेशन ब्लू स्टार को बताया सरकार की गलती

इस दौरान सोनिया गांधी की किताब में ऑपरेशन ब्लू स्टार के जिक्र को लेकर पूछे गए सवाल पर एएस दुलत ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह तत्कालीन सरकार की एक गलती थी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी इस बात का अहसास हो गया था कि उनसे गलती हुई है।

दुलत के मुताबिक, इंदिरा गांधी जानती थीं कि अब सिख समुदाय उन्हें इसके लिए माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संभव है सोनिया गांधी ने अपनी किताब में इस घटना का जिक्र किया हो या इस दिशा में कोई संकेत दिया हो।

पुलवामा को लेकर जानकारी से किया इनकार

पुलवामा से जुड़े सवाल पर पूर्व RAW प्रमुख एएस दुलत ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे पुलवामा के बारे में कुछ नहीं पता।

शशि थरूर ने क्या कहा? 

कांग्रेस सांसद शशि थरूर की भी सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि मैंने अभी तक केवल उन अंशों को पढ़ा है, जो कुछ प्रकाशनों में पहले ही प्रकाशित हो चुके हैं। लेकिन किताब बेहद खूबसूरती से लिखी गई है और मैं पूरी कहानी पढ़ने का इंतजार कर रहा हूं। हम सभी इस कहानी की मोटी-मोटी रूपरेखा जानते हैं, लेकिन इसे उनके अपने शब्दों में सुनना और उनके निजी अनुभवों के बारे में जानना शानदार होगा।

बीजेपी की प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि वे साहित्यिक आलोचक बनने के योग्य हैं या नहीं। इसलिए, मैं उनकी टिप्पणियों को नजरअंदाज करते हुए खुद किताब पढ़ूंगा और फिर अपनी राय बनाऊंगा।

Updated on:
10 Nov 2026, 6:14 PM IST
Published on: