राष्ट्रीय

‘सोनिया गांधी की किताब करती है असंवैधानिक और गैर-कानूनी कामों का महिमामंडन’, बीजेपी नेता ने की आलोचना

Sonia Gandhi Memoir: सोनिया गांधी की किताब रिलीज़ होने के बाद से ही आलोचकों के निशाने पर है। अब बीजेपी नेता कुम्मनम राजशेखरन ने भी इसकी आलोचना करते हुए सोनिया पर निशाना साधा है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 4:53 PM IST
Kummanam Rajasekharan
कुम्मनम राजशेखरन (Photo - ANI)

सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) ने 10 नवंबर को रिलीज़ होते ही राजनीतिक गलियारे में एक नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस (Congress) और इंडिया गठबंधन के अन्य राजनीतिक दलों के नेता सोनिया की इस किताब का बढ़-चढ़कर समर्थन कर रहे हैं, तो वहीँ बीजेपी (BJP) और उसकी समर्थक पार्टियों के नेता इस किताब की आलोचना करने का कोई मौका नहीं चूक रहे हैं। इस किताब में सोनिया द्वारा कई ऐसी बातों का ज़िक्र किया गया है, जिनकी वजह से सोनिया की यह आत्मकथा आलोचकों के निशाने पर है। अब बीजेपी नेता और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन (Kummanam Rajasekharan) ने सोनिया की इस किताब की आलोचना की है।

"असंवैधानिक और गैर-कानूनी कामों का महिमामंडन"

मीडिया से बात करते हुए राजशेखरन ने कहा, "मैं यह किताब सिर्फ इसलिए पढ़ना चाहता हूं जिससे देख सकूं कि उन्होंने इस किताब में क्या-क्या झूठ लिखे हैं। यह असंवैधानिक और गैर-कानूनी कामों का महिमामंडन करती है, खासकर आपातकाल के दौरान किए गए कामों का और यह किताब बुनियादी नैतिक व राजनीतिक उसूलों के भी खिलाफ है। इस किताब में भारत के राजनीतिक इतिहास का कोई तथ्यात्मक विवरण नहीं है। मुझे लगता है कि यह किताब न तो इतिहास के साथ न्याय करती है और न ही उन लोगों के साथ जो भारत की राजनीतिक स्थिति का अध्ययन करना चाहते हैं।"

"यह किताब कांग्रेस के लिए 'मगरमच्छ के आँसू' बहाने जैसा'

मध्य प्रदेश की हुजूर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा (Rameshwar Sharma) ने भी सोनिया की किताब की आलोचना की है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "सोनिया गांधी की यह किताब कांग्रेस के लिए 'मगरमच्छ के आँसू' बहाने जैसा है। वह दुनिया को कांग्रेस की विचारधारा और उसकी सहानुभूति के बारे में बताना चाहती हैं। जब बाबरी ढांचा गिराया गया था, तब सोनिया जी की आंखों में आंसू आ गए थे। स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन के दौरान इंदिरा गांधी भी रोई थीं। लेकिन इस किताब में वह हमें यह नहीं बतातीं कि क्या सोनिया जी तब रोई थीं, जब लाखों निर्दोष सिखों की हत्या कर दी गई थी?"