राष्ट्रीय

सोनिया गांधी की किताब पर JDU-कांग्रेस में आर-पार, संजय झा और शकील अहमद ने एक-दूसरे को घेरा

Nitish Kumar: सोनिया गांधी की किताब में नीतीश कुमार के INDIA गठबंधन छोड़ने को लेकर किए गए खुलासे से बिहार में सियासी घमासान छिड़ गया है। JDU सांसद संजय झा और कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने एक-दूसरे पर निशाना साधा है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 5:38 PM IST
Sonia Gandhi Memoir
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Photo-IANS)

Sonia Gandhi Book: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' (Belonging: A Journey of Love) के बाजार में आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। किताब में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर किए गए खुलासों और टिप्पणियों ने राज्य की सियासत में नया घमासान खड़ा कर दिया है। इस पर जनता दल (यूनाइटेड) और कांग्रेस के नेता खुलकर आमने-सामने आ गए हैं। जेडीयू ने जहां इसे वरिष्ठ नेताओं के प्रति व्यक्तिगत टिप्पणी करार दिया है, वहीं कांग्रेस ने अपने रुख का बचाव करते हुए नीतीश कुमार के गठबंधन छोड़ने के हालातों पर सवाल उठाए हैं।

किताब में नीतीश कुमार को लेकर क्या लिखा गया है?

हारपर कॉलिन्स द्वारा प्रकाशित सोनिया गांधी की इस नई किताब में उनके इटली के बचपन से लेकर भारत आने और राजनीतिक सफर तक की कहानी है। किताब में जिक्र किया गया है कि नीतीश कुमार जनवरी 2024 में 'INDIA' गठबंधन से अलग होकर एनडीए (NDA) में क्यों लौटे थे। सोनिया गांधी के अनुसार, नीतीश कुमार पहले से ही गठबंधन से बाहर निकलने का बहाना तलाश रहे थे और वह कथित तौर पर बीजेपी के प्रभाव में थे। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उनका गठबंधन की बैठक से अचानक उठकर चले जाना कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं, बल्कि पहले से तय कदम था। किताब के आने के बाद इसी हिस्से पर बिहार की राजनीति गर्मा गई है।

जेडीयू का पलटवार, 'गठबंधन की रखी थी नींव'

सोनिया गांधी की इन टिप्पणियों पर जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर एक ऐसी संस्कृति विकसित हो रही है जहां वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ व्यक्तिगत और निचले स्तर की टिप्पणियां की जाती हैं। संजय झा ने नीतीश कुमार के योगदान का बचाव करते हुए कहा, 'लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि नीतीश कुमार ने ही 'INDIA' गठबंधन की नींव रखी थी। उन्होंने पूरे देश का दौरा कर विपक्षी नेताओं के बीच भरोसा कायम किया और पटना में पहली बैठक आयोजित की। उन्हें किन परिस्थितियों ने गठबंधन छोड़ने पर मजबूर किया, यह भी सामने आना चाहिए।'

कांग्रेस का पलटवार, 'वे पहले से ही जाने का मौका ढूंढ रहे थे'

दूसरी ओर, जेडीयू के इन बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने तीखा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बिल्कुल सच लिखा है कि नीतीश कुमार गठबंधन से बाहर निकलने के मौके की तलाश में थे। शकील अहमद खान ने सवाल उठाते हुए कहा, 'आखिर उन्होंने गठबंधन क्यों छोड़ा? जेडीयू के नेताओं को पूरी सच्चाई बतानी चाहिए। बिहार और देश की जनता जानती है कि नीतीश कुमार किस दबाव में थे और बार-बार पाला बदलने के लिए वे क्यों जाने जाते हैं।'

Updated on:
11 Nov 2026, 5:38 PM IST
Published on: