राष्ट्रीय

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 12 राज्यों में पहुंचा; अगले 7 दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश संभव

Heavy Rain Alert by IMD: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ते हुए 12 राज्यों में दस्तक दे दी है। आईएमडी ने अगले 7 दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
2 min read
Jun 09, 2026
Chhattisgarh Weather Update
बारिश (Photo - IANS)

Southwest Monsoon: देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को मानसून पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों तथा तेलंगाना के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया है। अब तक यह 12 राज्यों (केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पूर्वोत्तर के मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, त्रिपुरा, अरूणाचल प्रदेश व असम) में पहुंच चुका है।

आईएमडी के अनुसार अनुकूल हवाओं के कारण अगले 2-3 दिन में मानसून के महाराष्ट्र के मुंबई, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के अन्य हिस्सों एवं पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश करने की संभावना है। अगले 7 दिनों में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर-पश्चिम भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेमी) होने की संभावना है। इधर 11-12 जून को पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की-मध्यम बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएं, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

केरल के कई जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को केरल के कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में 204.4 मिमी से अधिक अत्यधिक भारी वर्षा होने के आसार है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लगातार और तीव्र बारिश के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन तथा मलबा खिसकने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। वहीं, बारिश का दौर जारी रहने पर शहरी और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो सकती है।

राजस्थान में तेज आंधी, ओले गिरे

राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में प्री-मानसून की बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम-मेघालय में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश आदि में भारी बारिश हुई। कई इलाकों में 40 से 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान आया। बीती रात राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई और कुछ जगहों पर ओले भी गिरे।

मध्य प्रदेश में जून की शुरुआत में 24 प्रतिशत अधिक बारिश

मध्य प्रदेश में जून की शुरुआत से ही बारिश का अच्छा दौर देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 8 जून के बीच राज्य में दीर्घकालिक औसत (एलपीए) की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। समय से पहले हुई इस बारिश से किसानों को राहत मिली है और इस वर्ष बेहतर मानसून की उम्मीदें भी मजबूत हुई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को महाराष्ट्र में मानसून के पहुंचने के बाद इसके 15 से 18 जून के बीच मध्य प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। यह समय मानसून की सामान्य प्रगति के अनुरूप है। पिछले वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 16 जून को राज्य में दस्तक दी थी।

Updated on:
09 Jun 2026 12:48 am
Published on:
09 Jun 2026 12:48 am