श्रीनिवास नारायणन ने अपने बुजुर्ग माता-पिता के लिए दिग्गज कंपनी OpenAI की नौकरी छोड़ दी है। इतने बड़े निर्णय के लिए श्रीनिवास नारायणन चर्चा में हैं। आइए जानते हैं कौन हैं श्रीनिवास नारायणन?
दिग्गज कंपनी OpenAI में चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर श्रीनिवास नारायणन ने अपने बुजर्ग माता-पिता की सेवा और उनके साथ समय बिताने के लिए नौकरी छोड़ दी है। श्रीनिवास 3 साल से अमेरिका के सेनफ्रैंसिस्को में रह रहे थे। नौकरी से इस्तीफा देने के बाद श्रीनिवास ने सैम ऑल्टमेन के साथ काम करने के अनुभव को उन्होंने शानदार बताया है।
श्रीनिवास नारायणन ने OpenAI में चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर के पद से इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर दी है। नौकरी छोड़ने के बाद श्रीनिवास जल्द ही भारत आ सकते हैं। उन्होंने नौकरी छोड़ने के साथ ही OpenAI में कार्य के अनुभव को शेयर किया है और अपनी टीम को धन्यवाद दिया है।
श्रीनिवास नारायणन ने X पर लिखा- 3 शानदार सालों के बाद, मैं अगले हफ्ते के अंत में OpenAI छोड़ रहा हूं। मैंने महीने की शुरुआत में OpenAI की लीडरशिप टीम के साथ अपना फैसला शेयर किया था। श्रीनिवास ने कंपनी की लीडरशिप के साथ शेयर किए गए अपने फैसले को शेयर किया है। उन्होंने आगे लिखा- Hi Team, मैंने OpenAI छोड़ने का फैसला कर लिया है। पिछले 3 साल एक जबरदस्त सफर रहे हैं, जो 10 साल जैसे लगे। B2B इंजीनियरिंग टीम को लीड करना मेरे लिए एक बहुत बड़ा सौभाग्य रहा है। हाल ही में लॉन्च हुए/आने वाले प्रोडक्ट्स को देखते हुए, मुझे लगा कि अब पीछे हटने का सही समय आ गया है।
मुझे अपनी पिछली भूमिका भी हमेशा प्यार से याद रहेगी, जब मैं Applied Engineering टीम को लीड करता था। उस समय टीम में लगभग 40 लोग थे और हम 575 वाले ऑफिस की एक ही मंजिल पर काम करते थे, जब मैंने पहली बार काम शुरू किया था। हमने इतिहास के कुछ सबसे तेजी से बढ़ने वाले प्रोडक्ट्स लॉन्च किए, जैसे ChatGPT और API और हमारे पास कोई पहले से तय गाइडबुक भी नहीं थी। यह सब सिर्फ इसलिए मुमकिन हो पाया, क्योंकि हमने एक जबरदस्त टीम बनाई थी। आप सबने मुझे बहुत प्रेरित किया है। मैं आप लोगों का जितना भी शुक्रिया अदा करूं, कम है।
श्रीनिवास नारायणन ने IIT मद्रास से 1991-1995 में कंप्यूटर साइंस से बीटेक किया था। इसके बाद उन्होंने 1996 में यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कोंसिन-मेडिसन में मास्टर्स इन साइंस पूरा किया। श्रीनिवास ने IBM में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर 1997 में अपने करियर की शुरुआत की थी। श्रीनिवास कई अमरीकी टेक कंपनियों में बड़े पदों पर काम कर चुके हैं।
साल 2008 में श्रीनिवास ने फेसबुक में बतौर वाइस प्रेसीडेंट इंजीनियरिंग के पद पर ज्वाइन किया और एक दशक तक काम किया। इसके बाद उन्होंने अप्रैल 2023 में OpenAI में बतौर वाइस प्रेसीडेंट ज्वाइन किया। सितंबर 2025 में उन्हें कंपनी के B2B एप्लीकेशंस का CTO बनाया गया।
माता-पिता के साथ वक्त गुजारने के लिए श्रीनिवास के नौकरी छोड़ने के निर्णय का सोशल मीडिया यूजर्स ने स्वागत किया है। यूजर्स श्रीनिवास की माता-पिता के प्रति लगाव की प्रशंसा कर रहे हैं।