
Jitendra Singh Attacks Rahul Gandhi in Parliament: लोकसभा में बुधवार को एंटी पेपर लीक बिल पर बहस के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने सदन में बोलते हुए आरोप लगया था कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस (Tear Gas) और पैलेट गन (Pellet Guns) का इस्तेमाल किया गया था। कांग्रेस सांसद के इन आरोपों का केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बार-बार यह साफ किया गया कि कोई गोली नहीं चलाई गई, आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया था।
उन्होंने आगे कहा कि कोई गोली नहीं चलाई गई, इसलिए आदेश जारी करने का सवाल ही नहीं उठता। ऐसा आदेश जारी करने का अधिकार मजिस्ट्रेट के पास है, मंत्री के पास नहीं।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के पीएम आवास के बाहर बैठने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई को विपक्ष के नेता शायद किसी विशेष सोच या उद्देश्य से प्रेरित होकर 7 एलकेएम (लोक कल्याण मार्ग) स्थित प्रधानमंत्री के आवास के बाहर जाकर बैठ गए। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उनकी गहरी इच्छा थी कि देश उन्हें चुनकर 7 एलकेएम में बैठाए।
उन्होंने कहा कि जब उनकी यह आकांक्षा पूरी नहीं हुई, तो वे निराश और हताश हो गए और 7 एलकेएम के मुख्य द्वार पर जाकर बैठ गए। जब उन्हें अत्यंत शालीनता के साथ समझाने की कोशिश की गई कि इस प्रकार का व्यवहार उनके पद और गरिमा के अनुरूप नहीं है, तो उन्होंने जवाब दिया कि फिर उन्हें वहाँ से हटाकर दिखाया जाए।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। जितेंद्र सिंह ने कहा कि जब इतने जरूरी बिल पर चर्चा हो रही है, तो सुझाव देने के बजाय, इस पर राजनीति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता ने जिस तरह की असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया है, वह चौंकाने वाला है; मुझे हैरानी होती है कि क्या उन्हें संसदीय नियमों के बारे में भी पता है। इस देश के युवाओं को - जो इसका भविष्य हैं - "बेवकूफ" कहने से ज़्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है?