राष्ट्रीय

‘या तो सबूत दें या फिर माफी मांगें’, उमर अब्दुल्ला के खरीद-फरोख्त वाले आरोप पर भड़के BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी

Sudhanshu Trivedi: बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने उमर अब्दुल्ला के विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि मुख्यमंत्री या तो सबूत पेश करें या सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
2 min read
Jul 11, 2026
Sudhanshu Trivedi
BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी (ANI)

Sudhanshu Trivedi on Omar Abdullah: बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के उस आरोप पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने बीजेपी पर उनकी पार्टी के विधायकों को तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। त्रिवेदी ने आरोपों को बेबुनियाद और गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला या तो अपने आरोपों के सबूत पेश करें या फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। बीजेपी सांसद ने दावा किया कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार की कथित नाकामी और खराब प्रशासन से ध्यान हटाने के लिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं।

भाजपा ने दिया विधायक को 20-30 करोड़ और मंत्री पद का लालच, उमर अब्दुल्ला का आरोप

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को बिना नाम लिए आरोप लगाया कि भाजपा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक जम्मू क्षेत्र के विधायक को 20-30 करोड़ रुपये, एक मंत्री पद और पूर्ण राज्य का प्रस्ताव देकर अपनी तरफ मिलाने की कोशिश की। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि एक भाजपा अधिकारी ने बंद कमरे में मेरे विधायक से कहा- हम आपको 20-30 करोड़ और एक मंत्रालय देंगे। आप हमारे साथ आ जाइए। क्या वे सोचते हैं कि इन लोगों का विश्वास इतना सस्ता है? उन्होंने भाजपा पर पीछे के दरवाजे से सत्ता हथियाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने भाजपा को पीछे रखा है और वह वहीं रहेगी।

अनुच्छेद 370 पर फारूक अब्दुल्ला भ्रम फैला रहे: तरुण चुघ

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश का भविष्य अब विकास, पर्यटन, लोकतंत्र, विश्वास और राष्ट्रीय एकता से जुड़ा है, न कि पुरानी अलगाववादी राजनीति से। तरुण चुघ ने फारूक अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे असफल एजेंडे को दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को संसद और सुप्रीम कोर्ट दोनों खारिज कर चुके हैं। अब इसकी कोई जमीनी मांग नहीं है।

भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी अलगाववाद और पत्थरबाजी के दौर में लौटने की किसी भी कोशिश का पुरजोर विरोध करेगी। जनता शांति, निवेश और रोजगार चाहती है। इसके अलावा, तरुण चुघ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने पंजाब कांग्रेस में जातिगत भेदभाव के आरोपों पर भूपेश बघेल से जवाब मांगा।