
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली को लेकर दिए गए बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है, तब राजनीति नए निचले स्तर पर पहुंचती दिखाई दे रही है। खरगे ने दिवाली को 'खुशियों की ईद' बताया, जो हैरान करने वाला है।
सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल उठाया कि खरगे कर्नाटक से आते हैं, जहां कन्नड़ भाषा में त्योहार के लिए 'उत्सव' या 'हब्बा' शब्द का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में दिवाली के लिए 'ईद' शब्द कहां से आ गया? इससे पता चलता है कि भारतीय धर्म और संस्कृति का किस हद तक अपमान किया जा सकता है। विपक्ष, खासकर कांग्रेस का व्यवहार इसी मानसिकता को दर्शाता है।
सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान पार्टी की सुनियोजित भारत विरोधी और हिंदू विरोधी मानसिकता का जीता-जागता सबूत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के बयानों के जरिए भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का अपमान कर रही है।
भाजपा सांसद ने समाजवादी पार्टी के 12 दिसंबर को अयोध्या में शक्ति प्रदर्शन करने के ऐलान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वास्तव में यह शक्ति प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी, उसकी विचारधारा और भारतीय समाज की एकता का होगा। त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कहा कि सपा के नेता वहां जाने के लिए मजबूर हैं और उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज की एकता की ताकत अब दिखाई देने लगी है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यदि भारतीय समाज चुनाव में और अधिक एकजुटता दिखाता है तो ये 'चुनावी हिंदू', जो अब श्रीरामलला विराजमान का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं, अगले चुनाव तक खुद 'जय श्रीराम' का नारा लगाते नजर आएंगे।