
भगवान राम और अयोध्या राम मंदिर पर विवादित टिप्पणी कर टीएमसी (TMC) सांसद कीर्ति आज़ाद (Kirti Azad) फंस गए हैं। इस मामले पर अब वह घिरते जा रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी (Sudhanshu Trivedi) ने इस मामले में आज़ाद पर निशाना साधते हुए कहा, "रामायण और महाभारत, दोनों का अंत दैवीय शक्तियों की राक्षसी शक्तियों पर जीत के बारे में नहीं है, बल्कि यह एक स्त्री के सतीत्व की, स्वयं ईश्वर के देवत्व पर भी जीत के बारे में है। इसे टीएमसी के लोग, खासकर उनके 'जॉनी जॉनी यस पापा' वाले सदस्य नहीं समझ पाएंगे।"
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के दिसंबर में राम मंदिर दर्शन करने के लिए जाने के फैसले पर एक इंटरव्यू में आज़ाद ने कहा, "क्या हमारे देश के 3,200 करोड़ देवी-देवताओं में भगवान राम ही एकमात्र देवता हैं? मैं अयोध्या राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा क्योंकि भगवान राम ने अपनी पत्नी सीता माता को त्याग दिया था। वो भी तब जब सीता माता ने अग्नि परीक्षा पास कर ली थी। भगवान राम ने माता सीता को अपने घर से निकाल दिया था। मैं राम मंदिर क्यों जाऊं? मैं माता सीता की जन्मभूमि से आता हूं। माता सीता मिथिला की बेटी थीं। माता सीता मेरी मां हैं। मिथिला के हर व्यक्ति के लिए माता सीता एक मां हैं। अग्नि परीक्षा पास करने के बाद भी उन्हें दो छोटे, मासूम बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया था। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की यह कैसी मर्यादा है? मैं बच्चों को क्या बताऊंगा? मैं कामाख्या मंदिर जाता हूं । मैं माँ काली की पूजा करता हूं। काली माता मेरी आराध्या हैं। मेरे पिता दुर्गा माता के भक्त थे और मैं काली माता का भक्त हूं। लोग भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम मानते हैं, लेकिन मैं राम मंदिर नहीं जाऊंगा क्योंकि माता सीता मेरी माँ थीं। मैं मिथिला से हूं। क्या मुझे अपनी माँ के लिए नहीं लड़ना चाहिए? मैं ज़रूर लडूंगा और मैं अयोध्या नहीं जाऊंगा। मैं काली कामाख्या, दक्षिणा काली, कालीघाट और दिल्ली के गोल मार्केट स्थित काली मंदिर जाता हूं। तो क्या इसका मतलब यह है कि मैं हिंदू नहीं हूं?"