
Sukesh Chandrasekhar Arvind Kejriwal : नई दिल्ली। जेल में बंद कथित महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व दिल्ली मंत्री सत्येंद्र जैन को एक और पत्र लिखा है। गुरुवार को लिखे इस पत्र में सुकेश ने दावा किया है कि वह आम आदमी पार्टी से जुड़े तीन और कथित घोटालों तथा भ्रष्टाचार के मामलों का पर्दाफाश करेगा।
सुकेश ने पत्र में दिल्ली शराब नीति और दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उसके पहले किए गए ‘खुलासे’ सही साबित हुए हैं। उसने लिखा कि अब तीन अन्य प्रमुख विभागों से जुड़े कथित घोटालों और भ्रष्टाचार को सामने लाने की तैयारी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पत्र में सुकेश ने लिखा कि दिल्ली शराब नीति और दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े उसके पहले के आरोपों की पुष्टि हो गई है। उसने कहा कि अब और खुलासे होने वाले हैं। अब तीन अन्य विभागों के भ्रष्टाचार की जानकारी सामने लाई जाएगी। सुकेश ने आप (AAP) को आड़े हाथों लेते हुए इसे 'एनीटाइम, ऑलवेज पार्टी ऑफ स्कैम' (हर समय घोटाले करने वाली पार्टी) करार दिया और दावा किया कि दिल्ली के बाद अब पंजाब की जनता भी इन्हें सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।
चंद्रशेखर ने केजरीवाल पर युवाओं (जन-जी) को भड़काने के लिए 'प्रॉक्सी' (मुखौटों) का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। सुकेश ने लिखा कि केजरीवाल जी, देश के युवाओं को भड़काने के लिए आप जिन प्रॉक्सी का इस्तेमाल कर रहे हैं, उनका सच जल्द सामने आएगा। यह काम मेरी पहली प्राथमिकता होगी।
सुकेश ने अपने पत्र में वर्ष 2015-16 के कथित संबंधों का हवाला देते हुए AAP नेतृत्व को चेतावनी दी। उसने कहा कि वह युवाओं को कथित तौर पर गुमराह नहीं होने देगा और उनके सामने सच्चाई लाने का दावा किया।
पत्र में सुकेश ने केजरीवाल और सत्येंद्र जैन को जेल जाने के '2.0' वर्जन के लिए बधाई भी दी। साथ ही उसने दावा किया कि वह जल्द ही AAP नेताओं के खिलाफ और खुलासे करेगा। पत्र के अंत में सुकेश ने खुद को 'आपका सबसे भयानक सपना' बताते हुए दावा किया कि वह जल्द ही आम आदमी पार्टी के नेताओं के कथित भ्रष्टाचार से जुड़े और मामलों को सामने लाएगा।