
Punjab Congress Rally: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। इसको लेकर संगरूर में कांग्रेस की एक चुनावी रैली आयोजित हुई। जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शामिल हुए। इस रैली को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनावी मौसम में कांग्रेस के दोनों वरिष्ठ नेता पंजाब पहुंचे हैं, लेकिन उन्हें प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या पर भी ध्यान देना चाहिए।
बीजेपी नेता सुनील जाखड़ ने कहा कि आज प्रदेश में नशे की लत सबसे बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है। घर-घर में लोग अपने बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए मजबूत सरकार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ऐसे में जनता जानना चाहती है कि आखिर उनके बच्चों को नशे से बचाने के लिए कौन आगे आएगा?
बीजेपी नेता सुनील जाखड़ ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से सवाल करते हुए कहा कि क्या वे अपने ही नेताओं से पूछेंगे कि पंजाब में नशे की समस्या से निपटने के लिए उनके पास क्या योजना है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के दो पूर्व प्रदेश अध्यक्षों पर नशे से जुड़े मामलों में संलिप्तता के आरोप लग चुके हैं।
बीजेपी नेता ने कहा कि जिन नेताओं पर इस तरह के आरोप लगे हों, उनके रहते कांग्रेस नशे के खिलाफ कार्रवाई करने का दावा कैसे कर सकती है? उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से पंजाब में नशे की समस्या को लेकर अपनी पार्टी की भूमिका और जवाबदेही स्पष्ट करने की मांग की।
बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर संगरूर में कांग्रेस की रैली आयोजित हुई। इस रैली को मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सचिन पायलट समेत प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार को जमकर निशाना साधा।
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नशे की समस्या को खत्म करने के लिए क्या समय-सीमा तय की है? तीन साल बाद तो अमित शाह गृह मंत्री भी नहीं रहेंगे। मेरा आकलन है कि यह सरकार एक साल भी नहीं टिक पाएगी। खैर, अमित शाह का दावा है कि वे तीन साल में नशे की समस्या को पूरी तरह खत्म कर देंगे।
उन्होंने आगे कहा कि यहां के लोगों को ऐसी सरकार चाहिए जो पंजाब के हित में काम करे। जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में आएगी, तो पंजाब की सरकार दिल्ली से नहीं चलाई जाएगी। हमारी पार्टी पंजाब की सरकार पंजाब के भीतर से ही चलाती है।