
Suvendu Adhikari on Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में भवानीपुर विधानसभा चुनाव परिणाम को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दिए जाने पर मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। फलता में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पिछली बार भी ऐसा ही हुआ था, जब उन्होंने नंदीग्राम विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। शुभेन्दु अधिकारी का यह बयान ऐसे समय आया है जब ममता बनर्जी ने भवानीपुर चुनाव नतीजों को अदालत में चुनौती दी है।
दरअसल, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव नतीजे को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी है। चुनाव परिणाम घोषित होने के 42 दिन बाद दायर याचिका में उन्होंने मतगणना प्रक्रिया के दौरान अनियमितताओं पर सवाल उठाए हैं। ममता बनर्जी ने मंगलवार को सांसद डेरेक ओ'ब्रायन, डोला सेन और कल्याण बनर्जी के साथ कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंची थी।
भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला था। मतगणना के शुरुआती 16-17 राउंड तक ममता बढ़त बनाए हुए थीं, लेकिन बाद के चरणों में शुभेंदु अधिकारी ने बढ़त हासिल कर ली। अंत में शुभेंदु अधिकारी ने 15,104 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट हासिल हुए थे। सीपीएम उम्मीदवार श्रीजीब विश्वास तीसरे स्थान पर रहे थे।
4 मई 2026 को भवानीपुर सीट की मतगणना के दौरान सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित काउंटिंग सेंटर में कुछ समय के लिए प्रक्रिया रोकनी पड़ी थी। चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, एक व्यक्ति मोबाइल फोन लेकर अंदर पहुंच गया था जिसके बाद मतगणना अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। बाद में जांच के बाद प्रक्रिया फिर शुरू की गई।
हालांकि ममता बनर्जी ने उस दौरान आरोप लगाया था कि उनके एजेंटों को मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया, सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए और केंद्रीय बलों ने टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने यह भी दावा किया था कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई थी।
पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी से आज मीडिया ने सवाल किया कि ममता बनर्जी ने भवानीपुर चुनाव को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है, तो इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा पिछली बार 2021 में भी जब नंदीग्राम में चुनाव हारी थी तब भी ऐसा किया था। आपको बता दें, वह मामला अभी भी अदालत में लंबित है।