
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला। (Photo - IANS)
Trinamool Congress Crisis: तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रही उठापटक और फूट किसी से छिपी नहीं है। पार्टी के 20 बागी सांसद 'नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया' (NCPI) ज्वाइन कर चुके हैं। इस बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को 19 जून को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया है, ताकि पार्टी में फूट और उससे जुड़े घटनाक्रम पर उनका पक्ष रख सके।
पश्चिम बंगाल की पूर्व ममता बनर्जी सरकार में मंत्री रहे टीएमसी नेता उदयन गुहा को बुधवार को कोलकाता के फूलबागान स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक उनकी गिरफ्तारी की वजह और लगाई गई धाराओं की जानकारी नहीं दी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।
बताया जा रहा है कि उदयन गुहा पर 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद कूचबिहार जिले में हुई चुनावी हिंसा में शामिल होने के आरोप हैं। माना जा रहा है कि इसी मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
9 मई को सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बनने के बाद उदयन गुहा गिरफ्तार होने वाले तीसरे पूर्व मंत्री हैं। इससे पहले पूर्व अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस को नगर निकाय भर्ती घोटाले और पूर्व सुधार सेवा मंत्री उज्ज्वल बिस्वास को राहत सामग्री के कथित अवैध भंडारण के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
बंगाल में टीएमसी और महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) में बगावत को लेकर भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा दूसरी पार्टियों को नहीं तोड़ती, बल्कि नेता अपनी पार्टी की नीतियों से नाराज होकर खुद छोड़ते हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और टीएमसी की नीतियों से लोगों में नाराजगी है। इसी कारण कई सांसद ने पार्टी छोड़ दी, कुछ और भी छोड़ना चाहते हैं। अगर ऐसे नेता एनडीए में शामिल होते हैं तो इससे गठबंधन और मजबूत होगा।
वहीं महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं की नाराजगी पर उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना हिंदुत्व की विचारधारा पर बनी थी, लेकिन अब उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस से गठबंधन कर लिया है। इससे कई नेता असंतुष्ट हैं और पार्टी छोड़ रहे हैं।
Updated on:
17 Jun 2026 04:27 pm
Published on:
17 Jun 2026 02:55 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
