
Sydney Bondi Beach Terrorist Attack: अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर ऑस्ट्रेलिया का बॉन्डी बीच (Bondi Beach) आज आंसुओं और मातम में डूबा हुआ है। रविवार को यहां हुए भयानक कत्लेआम ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। सिडनी पुलिस ने अब इस हमले के मुख्य आरोपी नवीद अकरम के खिलाफ आरोपों की लंबी फेहरिस्त तैयार की है। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने खुलासा किया है कि इस सामूहिक गोलीबारी में जिंदा पकड़े गए नवीद अकरम ने एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 59 अपराध किए हैं। इसमें 15 लोगों की निर्मम हत्या करना और आतंकी साजिश को अंजाम देना शामिल है।
नवीद अकरम के 59 गुनाह: पुलिस की चार्जशीट और अब तक की जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे बेहद खौफनाक हैं।
हत्या करने का प्रयास: हत्या के अलावा, उस पर हत्या के इरादे से गंभीर शारीरिक चोट पहुंचाने के 40 मामले दर्ज किए गए हैं।
आतंकी वारदात: नवीद अकरम पर एक आतंकवादी कृत्य करने और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन (ISIS से प्रेरित) के प्रतीक को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का गंभीर आरोप लगा है।
यह 1996 के बाद ऑस्ट्रेलिया के इतिहास में हुई सबसे घातक गोलीबारी मानी जा रही है।
जांच में यह बात साफ हुई है कि यह हमला अचानक नहीं हुआ, बल्कि सुनियोजित था। हमलावर ने विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया के यहूदी समुदाय को निशाना बनाया। जिस वक्त हमला हुआ, वहां लोग 'हनुक्का' (यहूदी त्योहार) की पहली रात का जश्न मना रहे थे। खुशियों के माहौल को नवीद और उसके पिता ने चीखों में बदल दिया।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज ने पुष्टि की है कि यह हमला "इस्लामिक स्टेट" (ISIS) की कट्टरपंथी विचारधारा से प्रेरित लगता है।
इस हमले की कड़ियां भारत से भी जुड़ रही हैं।
पिता की मौत: पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में नवीद का पिता साजिद अकरम (50 वर्ष) मारा गया।
हैदराबाद लिंक: तेलंगाना पुलिस के मुताबिक, साजिद अकरम मूल रूप से भारत के हैदराबाद शहर का रहने वाला था। हालांकि, उसका अपने भारतीय परिवार से संपर्क बेहद सीमित था।
पासपोर्ट का राज: जांच में पता चला है कि नवीद ने ऑस्ट्रेलिया के पासपोर्ट पर और उसके पिता साजिद ने भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल कर यात्राएं की थीं।
हमले से ठीक पहले की गतिविधियों ने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। पिता और पुत्र पिछले महीने ही फिलीपींस गए थे। फिलीपींस के इमिग्रेशन रिकॉर्ड के मुताबिक, वे 1 नवंबर से 28 नवंबर तक वहां रहे और उनका ठिकाना दक्षिणी शहर 'दावो' (Davao) था। पुलिस अब यह जांच रही है कि क्या वहां किसी आतंकी ट्रेनिंग या बैठक में वे शामिल हुए थे।
हमलावर नवीद भी पुलिस कार्रवाई में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसकी हालत को देखते हुए न्यू साउथ वेल्स की अदालत ने अस्पताल में ही उसके बिस्तर के पास पहली सुनवाई की। फिलहाल, मामले की अगली सुनवाई अप्रेल 2026 तक के लिए टाल दी गई है।
पुलिस कमिश्नर माल लैन्योन ने कहा, "हम आरोपी से पूछताछ के लिए उसके होश में आने और दवाओं का असर कम होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।"
फिलहाल, सिडनी के अस्पतालों में 17 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत बहुत नाजुक है। उधर, घटनास्थल पर मंजर बेहद गमगीन है। लोग अपने प्रियजनों की याद में फूल चढ़ा रहे और श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। वे एक-दूसरे को गले लगाकर रोते हुए लोग उस भयानक रविवार को भुला नहीं पा रहे हैं।