राष्ट्रीय

तमिलनाडु चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग का बड़ा एक्शन, एंटी-करप्शन DGP को हटाया

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव (Tamil Nadu Assembly Elections) से पहले निर्वाचन आयोग ने बड़ा एक्शन लिया है। निर्वाचन आयोग ने एंटी-करप्शन DGP को पद से हटा दिया है।
2 min read
Apr 11, 2026
Election Commission
चुनाव आयोग सांकेतिक इमेज

Tamil Nadu Assembly Elections 2026: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु में संदीप मित्तल को एंटी-करप्शन DGP पद से हटा दिया है। निर्वाचन आयोग ने यह कार्रवाई DMK की शिकायत के बाद की है।

DMK ने संदीप मित्तल पर लगाए थे गंभीर आरोप

निर्वाचन आयोग ने DMK की शिकायत पर तमिलनाडु में संदीप मित्तल को एंटी-करप्शन DGP पद से हटा दिया है। DMK ने एंटी-करप्शन DGP पर पक्षपात और कदाचार के आरोप लगाए थे। चुनाव आयोग ने यह कदम आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उठाया है। DMK नेता डी. आर. बालू ने संदीप मित्तल की शिकायत चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। बता दें कि 5 राज्यों में चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई थी। निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग कई अफसरों के तबादले कर चुका है।

संदीप मित्तल पर क्या हैं आरोप?

DMK नेता डी. आर. बालू ने आरोप लगाया था कि एंटी-करप्शन DGP संदीप मित्तल का राजनीतिक झुकाव बीजेपी और RSS की ओर हैं। DMK ने संदीप मित्तल के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर यह आरोप लगाए थे। शिकायत में यह भी कहा गया कि इस्लाम और वामपंथी विचारधाराओं पर मित्तल की टिप्पणियां उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाती हैं।

मित्तल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगे थे। इन आरोपों के बाद मित्तल को हटाने की मांग तेज हो गई। इसके बाद चुनाव आयोग ने संदपी मित्तल को एंटी-करप्शन DGP के पद से हटा दिया है। इस कदम को तमिलनाडु में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में आयोग का महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।

संदीप मित्तल से पहले भी कई अफसरों का ट्रांसफर

संदीप मित्तल को एंटी-करप्शन DGP पद से हटाने से पहले भी चुनाव आयोग ने कई अफसरों का तबादला किया है। इसके पहले आयोग ने मुख्य सचिव मुरुगानंदम, एंटी-करप्शन DGP डेविडसन देवासिरवाथम और चेन्नई पुलिस आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले का आदेश दिया था। इसके बाद IAS अधिकारी साई कुमार को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया, जबकि संदीप मित्तल को एंटी-करप्शन विंग का प्रमुख बनाया गया था।

इसके अलावा भी निर्वाचन आयोग ने राज्य प्रशासन में कई बड़े बदलाव किए थे। आयोग ने पर्यटन एवं धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग के सचिव रहे मणिवासन को नया गृह सचिव नियुक्त किया, जिन्होंने धीरज कुमार की जगह ली। यह बदलाव भी प्रशासनिक संतुलन और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से किए गए।

Updated on:
11 Apr 2026 11:23 pm
Published on:
11 Apr 2026 11:23 pm