राष्ट्रीय

TVK विधायकों को मुख्यमंत्री विजय की नसीहत, जनसेवा छोड़ विवादों में उलझे तो होगी कार्रवाई

Tamil Nadu CM Vijay: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पार्टी विधायकों को अनुशासन में रहने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि स्वीकार्य आचरण से भटकने और विवादों में शामिल होने वाले विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 9:42 PM IST
TVK MLAs Meeting
विधायकों से मिटिंग करते सीएम विजय (फाइल फोटो- IANS)

Tamil Nadu Politics: महाबलीपुरम के एक लग्जरी रिजॉर्ट में बुधवार को टीवीके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अध्यक्षता में पार्टी विधायकों की तीन घंटे से अधिक समय तक एक महत्वपूर्ण परामर्श बैठक आयोजित की गई। हाल ही में सत्ताधारी दल के कुछ जनप्रतिनिधियों से जुड़े राजनीतिक विवादों और विपक्ष के हमलों के बीच बुलाई गई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने विधायकों को अनुशासन, जनसेवा और राजनीतिक सतर्कता का संदेश दिया।

विपक्ष के जाल से बचने और एकजुट रहने की अपील

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन के अलावा राज्य में कई राजनीतिक दल हैं, जो सरकार को घेरने और छवि खराब करने के प्रयास में लगे हुए हैं। उन्होंने डीएमके को अपनी पार्टी का मुख्य राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी करार दिया और विधायकों को आगाह किया कि वे विपक्षी दलों की किसी भी रणनीति या राजनीतिक जाल में न फंसें। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से एकजुट रहकर केवल शासन और जनहित के कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

जनता के बीच उपस्थिति और सीधी पहुंच

मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों का नियमित रूप से दौरा करें, स्थानीय लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करें और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर विधायकों को क्षेत्र के विकास कार्य में या प्रशासनिक स्तर पर कोई समस्या आती है, तो वे बिना किसी झिझक के सीधे उनसे मिलकर बात कर सकते हैं।

अनुशासन और कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख

पार्टी में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए विजय ने स्पष्ट किया कि स्वीकार्य आचरण से भटकने वाले या किसी भी प्रकार के विवाद में शामिल पाए जाने वाले विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राज्य में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को निष्पक्ष कार्रवाई करने के लिए पूरी स्वतंत्रता दी गई है। बैठक के दौरान विधायकों द्वारा स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के काम-काज को लेकर उठाई गई शिकायतों को भी मुख्यमंत्री ने स्वयं दर्ज किया।

विवादों में घिरे विधायकों से अलग से चर्चा

सामूहिक बैठक के अलावा मुख्यमंत्री विजय ने हालिया विवादों से जुड़े तूरैयूर विधायक रवि शंकर और कल्लाकुरिची विधायक अरुल विघ्नेश से अलग से व्यक्तिगत रूप से बात की। उन्होंने दोनों विधायकों को भविष्य में अपने आचरण को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी।

बैठक के समापन पर मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी को रेशमी धोती और साड़ी उपहार स्वरूप भेंट की तथा पार्टी की एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए विधायकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

Updated on:
11 Nov 2026, 9:42 PM IST
Published on: