
Tamil Nadu News: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत गुरुवार को चेन्नई समेत पूरे तमिलनाडु की एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई।
तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं प्रधान सचिव अर्चना पटनायक तथा चेन्नई जिला निर्वाचन अधिकारी एवं ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन आयुक्त जी. एस. समीरन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 5,77,46,618 दर्ज की गई है, जबकि चेन्नई निर्वाचन जिले के 16 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 29,14,908 मतदाता पंजीकृत हैं।
राज्य की एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार तमिलनाडु के कुल 5 करोड़ 77 लाख 46 हजार 618 मतदाताओं में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। राज्य में 2,95,34,734 महिला मतदाता, 2,82,03,992 पुरुष मतदाता और 7,892 तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाता हैं।
मतदाताओं की संख्या के लिहाज से चेंगलपेट जिले का शोलिंगनल्लूर विधानसभा क्षेत्र (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 27) पूरे राज्य में सबसे बड़ा है, जहां कुल 5,58,729 मतदाता हैं। इनमें 2,72,898 पुरुष, 2,85,714 महिलाएं और 117 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। वहीं, चेन्नई जिले का हार्बर विधानसभा क्षेत्र (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 18) पूरे राज्य में सबसे कम मतदाताओं वाला क्षेत्र है, जहां कुल 1,20,852 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 60,043 पुरुष, 60,747 महिलाएं और 62 तृतीय लिंग मतदाता हैं।
प्रारूप मतदाता सूची राज्य के सभी जिलों के निर्धारित मतदान केंद्रों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है, साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को इसकी हार्ड और सॉफ्ट कॉपी भी सौंपी जा रही है।
चेन्नई निर्वाचन जिले के सभी 16 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची गुरुवार सुबह 11 बजे निगम आयुक्त ने प्रकाशित की। 6 अप्रेल 2026 की स्थिति में चेन्नई में कुल 28 लाख 93 हजार 505 मतदाता (13,95,716 पुरुष, 14,96,921 महिलाएं और 868 तृतीय लिंग) और 4,079 मतदान केंद्र थे।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद 12 नवंबर 2026 को मतदाताओं की संख्या बढ़कर 29 लाख 14 हजार 908 हो गई है, यानी जिले में 21,403 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। अब चेन्नई में 14 लाख 4 हजार 968 पुरुष, 15 लाख 9 हजार 40 महिला और 900 तृतीय लिंग मतदाता हैं, जबकि मतदान केंद्रों की संख्या पुनर्गठन के बाद 4,071 हो गई है।
चेन्नई के 16 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 2,28,139 मतदाता पेरंबूर (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 12) में हैं, जबकि सबसे कम 1,20,852 मतदाता हार्बर (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 18) में हैं। मतदान केंद्रों की बात करें तो वेलाचेरी (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 26) में सबसे अधिक 314 मतदान केंद्र हैं और हार्बर में सबसे कम 192 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मसौदा सूची का प्रारूप राजनीतिक दलों को दिया जाना था, इनमें भाजपा और एआइएडीएमके ने इसे ग्रहण किया।