राष्ट्रीय

सेल्फी लेने पहाड़ों पर चढ़ा शख्स, पैर फिसला और 100 फिट गहरी खाई में जा गिरा, पूरी रात चला सर्च ऑपरेशन फिर…

तमिलनाडु के नीलगिरि में एक व्यक्ति सेल्फी लेते समय 100 फीट खाई में गिर गया। सेना और फायर टीम ने रातभर ऑपरेशन चलाकर उसे सुरक्षित निकाला। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
2 min read
Mar 20, 2026
Tamil Nadu
सेल्फी लेने पहाड़ो पर चढ़ा शख्स 100 फिट गहरी खाई में गिरा (फोटो- एआई जनरेटेड)

तमिलनाडु के नीलगिरि क्षेत्र में पर्यटन के दौरान एक खतरनाक हादसा सामने आया है। यहां सेल्फी लेते समय एक शख्य का पैर फिसल गया और वह करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत रेस्क्यू टीमों को मामले की जानकारी दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही राहत दल मौके पर पहुंचा और खाई में गिरे शख्स की तलाशी में पूरी रात सर्च ऑपरेशन चला। इसके बाद सुबह शख्स को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।

पैर फिसला और खाई में जा गिरे

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार को नीडल रॉक व्यू प्वाइंट (ओसिमलाई) पर हुई, जो अपने पैनोरमिक व्यू के लिए प्रसिद्ध है। चेंगलपट्टु जिले के रहने वाले सिवागुरुनाथन यहां घूमने आए थे और खतरनाक किनारे के पास खड़े होकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह सीधे खाई में जा गिरे। यह इलाका काफी ढलानदार और पथरीला है, जिससे परिस्थिति और अधिक गंभीर हो गई।

रेसक्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंची

सिवागुरुनाथन के गिरते ही अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग उसे बचाने के प्रयास करने लगे। इसी बीच स्थानीय प्रशासन और फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेस (TNFRS) की टीम को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची, लेकिन खराब रोशनी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बचाव कार्य शुरू करने में दिक्कतें आईं। काफी देर मश्क्कत के बाद वेलिंगटन स्थित सैन्य छावनी से भारतीय सशस्त्र बल (Indian Armed Forces) के जवानों को मदद के लिए बुलाया गया और सिवागुरुनाथन को ढूंढने के प्रयास शुरू किए गए।

शुक्रवार सुबह सिवागुरुनाथन को रेस्क्यू किया गया

रातभर चले इस ऑपरेशन में रस्सियों और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। टीमों ने अंधेरे और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के बीच लगातार काम किया। कई घंटों की मेहनत के बाद शुक्रवार सुबह सिवागुरुनाथन को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर ही उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। इस घटना ने एक बार फिर हिल स्टेशन पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर सेल्फी और फोटो खींचने के दौरान लोग अक्सर जोखिम भरे स्थानों पर चले जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे व्यू प्वाइंट्स पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और खाई या किनारों के पास जाने से बचें।

Updated on:
20 Mar 2026 11:11 am
Published on:
20 Mar 2026 11:11 am