राष्ट्रीय

Tamil Nadu Politics: परिसीमन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री विजय की अहम मीटिंग, डीएमके-एआईडीएमके पहले ही बाहर, टीकेएस ने भी उठाये सवाल

CM Vijay: तमिलनाडु के CM विजय ने परिसीमन पर सांसदों की बैठक बुलाई है। लेकिन DMK और AIADMK ने बहिष्कार किया है। TKS के एलंगोवन ने TVK से परिसीमन पर रुख और बैठक का एजेंडा स्पष्ट करने को कहा।
2 min read
Aug 08, 2026
Vijay Delimitation Meeting
मुख्यमंत्री विजय(फोटो-IANS)

Vijay Delimitation Meeting: तमिलनाडु में लोकसभा सीटों के संभावित परिसीमन को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शनिवार, 8 अगस्त को राज्य के सांसदों की बैठक बुलाई है। जिसके लिए पार्टी नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया है। लेकिन सत्तारूढ़ टीवीके सरकार की इस पहल से प्रमुख विपक्षी दल डीएमके और एआईएडीएमके ने दूरी बना ली है। डीएमके के सभी 30 सांसदों और एआईएडीएमके के चार सांसदों ने बैठक में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है।

डीएमके ने क्यों किया बैठक का बहिष्कार?

डीएमके की राज्यसभा सांसद कनिमोझी ने बैठक में शामिल होने से इनकार करते हुए इसे गैरजरूरी बताया। उनका कहना है कि परिसीमन को लेकर राजनीतिक दल पहले ही सर्वदलीय बैठकों में अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं। डीएमके ने यह भी सवाल उठाया कि कावेरी जल विवाद और मेकेदातु बांध जैसे तमिलनाडु से जुड़े अहम मुद्दों पर बैठक बुलाने के बजाय परिसीमन पर दोबारा चर्चा क्यों की जा रही है। पार्टी का आरोप है कि यह इन मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है।

डीएमके का परिसीमन को लेकर रुख पहले से स्पष्ट रहा है। पार्टी आबादी के आधार पर होने वाले ऐसे परिसीमन का विरोध करती रही है, क्योंकि उसे आशंका है कि इससे दक्षिणी राज्यों की लोकसभा सीटों में उनका मौजूदा प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।

AIADMK ने भी बनाई दूरी

मुख्य विपक्षी दल एआईएडीएमके ने भी मुख्यमंत्री विजय की बैठक का बहिष्कार किया है। पार्टी के चार सांसद बैठक में शामिल नहीं होंगे। डीएमके के अलावा पीएमके, एमएनएम और डीएमडीके ने भी बैठक से दूरी बनाई।

TKS ने TVK से पूछा- एजेंडा क्या है?

डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने मुख्यमंत्री विजय की बैठक को लेकर टीवीके पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टीवीके ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि परिसीमन पर उसका रुख क्या है। एलंगोवन के मुताबिक, पिछली बार संसद में जब इससे जुड़ा विधेयक लाया गया था, तब डीएमके ने उसका विरोध किया था। उन्होंने सवाल किया कि टीवीके का परिसीमन पर क्या मत है और बैठक का एजेंडा क्या है।
उन्होंने कहा कि जब तक टीवीके अपना रुख और बैठक का एजेंडा स्पष्ट नहीं करती, तब तक यह तय करना मुश्किल है कि बैठक में शामिल होने का औचित्य क्या है।

मंत्री राजमोहन ने डीएमके पर साधा निशाना

तमिलनाडु के स्कूली शिक्षा मंत्री राजमोहन ने डीएमके के बैठक से दूर रहने पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि कनिमोझी बैठक में क्यों शामिल नहीं हो रही। उन्होंने दावा किया कि डीएमके के सदस्यों ने पहले परिसीमन से जुड़े मसौदे की कॉपियां जलाई थीं और अब पार्टी पीछे हट रही है।

परिसीमन पर दक्षिणी राज्यों की चिंता

लोकसभा सीटों के परिसीमन का मुद्दा तमिलनाडु समेत दक्षिणी राज्यों में लंबे समय से राजनीतिक चिंता का विषय रहा है। दक्षिणी राज्यों की प्रमुख चिंता यह है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को आबादी के आधार पर सीटों के बंटवारे में नुकसान हो सकता है। मुख्यमंत्री विजय की बैठक इसी राजनीतिक बहस के बीच हो रही है।

Updated on:
08 Aug 2026 04:11 pm
Published on:
08 Aug 2026 04:09 pm