राष्ट्रीय

‘वह मासूम है, उसे फंसाया जा रहा है’, TCS मामले के आरोपी की मां ने बेटे को बताया बेगुनाह, पीड़िताओं पर उठाए सवाल

TCS Nashik case: नासिक के टीसीएस बीपीओ यूनिट में यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के मामले में एक नया पहलू सामने आया है। आरोपी दानिश शेख की मां ने अपने बेटे को बेगुनाह बताते हुए कहा कि वह बहुत अच्छा इंसान है।

2 min read
Apr 17, 2026
TCS Nashik case
TCS मामले के आरोपियों को ले जाती पुलिस (फोटो- आईएएनएस)

TCS Nashik case: नासिक की टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) इन दिनों विवादों में घिरी हुई है। हाल ही में इस कंपनी के बीपीओ यूनिट में कथित तौर पर कई सालों से यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप सामने आए हैं, जिसके बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर बहस का मुद्दा बन गया है। पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाई करते हुए अब तक कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। इसी बीच मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक दानिश शेख की मां तबस्सुम शेख ने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उसे झूठा फंसाया गया है।

अब तक इस मामले में नौ एफआईआर दर्ज

नासिक पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक नौ एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें नौ महिला कर्मचारियों और एक पुरुष कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोपों में धार्मिक टिप्पणी, जबरन विशेष भोजन खिलाने, धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए दबाव और धर्म परिवर्तन के प्रयास जैसी बातें शामिल हैं। पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक ने बताया कि जांच में सात पुरुषों की भूमिका एक समूह के रूप में सामने आई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि ये लोग मिलकर काम कर रहे थे। पीड़ितों की उम्र अधिकतर 18 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है।

एचआर हेड निदा खान अभी भी फरार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक स्टिंग ऑपरेशन भी चलाया, जिसमें टीम ने हाउसकीपिंग स्टाफ के रूप में बीपीओ यूनिट में प्रवेश किया। जांच के आधार पर सात पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एचआर हेड निदा खान अभी फरार बताई जा रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दानिश शेख सहित कई नाम शामिल हैं, जिन पर अलग अलग मामलों में सह आरोपी होने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

मां ने आरोप लगाने वाली महिलाओं पर सवाल उठाए

अब इस मामले में दानिश शेख की मां तबस्सुम शेख का बयान सामने आया है। तबस्सुम शेख ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मेरा बेटा बहुत अच्छा इंसान है। वह ऐसा नहीं कर सकता। उन्होंने यह भी कहा कि इस्लाम में धर्म परिवर्तन इस तरह नहीं होता और इसके लिए मौलवी की प्रक्रिया जरूरी होती है। उन्होंने आरोप लगाने वाली महिलाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि उनका बेटा पहले से शादीशुदा है और उसका परिवार खुशहाल है। तबस्सुम ने बताया कि इस घटना के बाद उनका परिवार टूट गया है, बहू डिप्रेशन में है और बच्चे लगातार रो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा ही घर का इकलौता कमाने वाला था और अब वह पूरी तरह अकेली हो गई हैं।

Published on:
17 Apr 2026 01:03 pm