
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे व जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। अब उन्होंने भोजपुरी के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और मशहूर कोचिंग संचालक खान सर पर बड़ा बयान दिया है।
दरअसल, तेजप्रताप यादव ने दो अलग-अलग मुद्दों पर अपना रुख साफ कर दिया। एक तरफ उन्होंने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावरस्टार पवन सिंह को एमएलसी बनने पर बधाई दी, साथ ही उन्हें मंत्री बनने की भी कामना की।
वहीं, दूसरी तरफ खेसारी लाल यादव और खान सर का नाम सुनते ही भड़क उठे। जब मीडिया द्वारा पूछा गया कि खेसारी लाल अभी खान सर का सपोर्ट कर रहे हैं तो इस पर तीखे अंदाज में तेजप्रताप ने कहा- हम खान वान सर का समर्थन नहीं करते हैं।
तेजप्रताप यादव ने पवन सिंह के MLC बनने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पवन सिंह अच्छे कलाकार हैं। अब जब वो MLC बन गए हैं तो बधाई है। अगर मंत्री भी बन जाएं तो और अच्छी बात।
तेजप्रताप का ये बयान काफी सकारात्मक रहा, जिसमें उन्होंने पवन सिंह की लोकप्रियता को भी स्वीकार किया। पवन सिंह लंबे समय से भोजपुरी सिनेमा के बड़े नाम रहे हैं। उनके गाने और फिल्में युवाओं में खूब चलती हैं। अब राजनीति में एंट्री के साथ उनके फैंस में उत्साह है।
खान सर बिहार में कोचिंग जगत के चर्चित चेहरा हैं और हाल ही में वह विवादों में फंस गए हैं। 2 जून 2026 की रात पटना में खान ग्लोबल स्टडीज (कोचिंग सेंटर) पर हमला हुआ।
कुछ लोग पत्थर फेंकने लगे, तोड़फोड़ की और सुरक्षा गार्ड पर हमला किया। खान सर के पक्ष ने बताया कि ये हमला प्रतिद्वंद्वी कोचिंग (ज्ञान बिंदु) से जुड़े लोगों ने किया।
इसके जवाब में खान सर के सेंटर से फायरिंग हुई, जिसके आरोप में उनके गार्डों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने खान सर पर भी प्राथमिकी दर्ज की। दूसरी तरफ ज्ञान बिंदु के रोशन आनंद को भी गिरफ्तार किया गया।
दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगा दी है, लेकिन केस अभी चल रहा है। इस बीच, खेसारी लाल यादव ने कुछ समय पहले खान सर के पक्ष में बयान दिया था, जिस पर तेजप्रताप ने अब जवाब दिया है।