
Bihar Politics: नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद बिहार विधानसभा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण में केंद्र सरकार या भाजपा का एक पैसा भी नहीं लगा है। इसके साथ ही नीतीश कुमार करीब डेढ़ साल पहले इस पुल का उद्घाटन कर चुके हैं। ऐसे में अब प्रधानमंत्री से इसका दोबारा उद्घाटन कराया जा रहा है। तेजस्वी ने पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखने को भी उनकी राजनीतिक विरासत को जिंदा दफनाने की कोशिश बताया।
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार अभी जीवित हैं, इसके बावजूद उनके नाम पर पुल का नाम रख दिया गया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर किसी के नाम पर योजनाएं या परियोजनाएं उनकी मृत्यु के बाद रखी जाती हैं। अगर प्रधानमंत्री मोदी नीतीश कुमार का सम्मान करना चाहते थे तो उनके नाम पर कोई केंद्रीय योजना या उनके गांव की चार लेन वाली ताजपुर-बख्तियारपुर परियोजना का नाम रख सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
तेजस्वी ने कहा कि यह नीतीश कुमार का सम्मान नहीं, बल्कि उनकी राजनीतिक विरासत को जिंदा दफनाने की कोशिश है। उन्होंने नीतीश कुमार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की। साथ ही कहा कि पहले प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के डीएनए तक पर सवाल उठाए थे और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था और अब उनके नाम पर पुल का नाम रखा जा रहा है।
इसके अलावा तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार ने चुनाव से पहले ही इस पुल का उद्घाटन कर दिया था। अब प्रधानमंत्री उसी पुल का दूसरी बार उद्घाटन कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पुल बनाने का फैसला लेने से लेकर इसके निर्माण तक में भाजपा, एनडीए या प्रधानमंत्री मोदी की कोई भूमिका नहीं रही है।
तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में निजी सदस्य प्रस्ताव देकर पुल का नाम गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर रखने की मांग की थी। इसकी वजह यह थी कि पुल पटना के कच्ची दरगाह से शुरू होता है, जिसे गुरु गोबिंद सिंह की जन्मस्थली बताया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विधानसभा में इस बारे में कुछ और जवाब दिया था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है।