
Tejashwi Yadav: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और RJD नेता तेजस्वी यादव ने ऐलान किया है कि 7 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के दल राज्य के हर प्रखंड में 'आक्रोश मार्च' निकालेंगे। इसके अगले दिन 8 अक्टूबर को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा। तेजस्वी यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी दल संयुक्त रूप से सड़क पर उतरेंगे और SIR में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लिया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि 7 अक्टूबर को बिहार के हर प्रखंड में INDIA गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ आक्रोश मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और वोट को लेकर अनियमितताएं हुई हैं। तेजस्वी ने कहा कि इसके खिलाफ INDIA ब्लॉक के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
RJD नेता ने बताया कि 8 अक्टूबर को बिहार के सभी जिला मुख्यालयों पर महागठबंधन के सहयोगी दल धरना देंगे। वहीं, पटना में गठबंधन के नेता गवर्नर हाउस तक मार्च करेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि वह खुद पटना के कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उनके मुताबिक, विधायक, विधान परिषद सदस्य और सांसद भी मार्च में शामिल होंगे।उन्होंने कहा कि 'वोट की लूट' के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी और इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन का गठन बिहार से हुआ और SIR की शुरुआत भी बिहार से हुई है। उन्होंने बिहार को लोकतंत्र की जननी बताते हुए कहा कि इसी वजह से राज्य में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की शुरुआत की गई है। तेजस्वी ने कहा कि INDIA गठबंधन के नेता संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं और किसी भी कीमत पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म नहीं होने देंगे।