
Telangana POCSO Case: दिल दहला देने वाली यह वारदात तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले की है, जिसने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। 'फ्यूचर सिटी' पुलिस कमिश्नरेट इलाके में एक POCSO (पॉक्सो) कानून के आरोपी राज कुमार ने प्रतिशोध और सनक की सारी हदें पार करते हुए दो परिवारों के 6 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे आरोपी का अंत भी आखिरकार उसकी खुद की मौत के साथ हुआ। पुलिस की आंख में धूल झोंक रहे इस साइको किलर की लाश सोमवार दोपहर करीब 3 बजे पंजारला गांव के एक खाली पड़े रियल एस्टेट वेंचर में ऊंची घास के बीच बरामद हुई।
बीते दो दिनों से राजकुमार की तलाश की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने कोथुर मंडल के उसके शव को देखा तो पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस को शव के पास जहर की एक बोलत मिली है। पुलिस आत्महत्या का संदेह जता रही है। फिलहाल उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की आधिकारिक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार ने कथित तौर पर 10 जुलाई की रात शाबाद मंडल के दैवलगुडा क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर करीब दो घंटे के भीतर इन हत्याओं को अंजाम दिया था। पहले उसने शाबाद के कुम्मारिगुडा रोड स्थित एक घर में 17 वर्षीय लड़की की मां लक्ष्मी और नानी रुक्काम की हत्या की। इसके बाद लड़की को अपने साथ लेकर 6 किलोमीटर दूर गाँव में उसको भी मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी सरिता और अपने चार वर्षीय व डेढ़ वर्षीय दो बेटों की भी मार डाला। इन हत्याओं के बाद सिटी पुलिस ने राजकुमार की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया था।
राजकुमार पर मई में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का पीछा करने और यौन उत्पीड़न करने के आरोप में बाल यौन उत्पीड़न अधिनियम (पॉक्सो) की धारा 11 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसे पिछले महीने इस मामले में अग्रिम जमानत मिल गई थी।