
अकाली दल के नेता दलवीर सिंह काला जवंदा पर फायरिंग
Punjab News: पंजाब के मानसा जिले के बरेटा कस्बे में सोमवार शाम शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य दलवीर सिंह काला जवंदा पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लुधियाना रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दलवीर सिंह काला जवंदा बरेटा अनाज मंडी में आढ़त का कारोबार करते हैं। सोमवार शाम वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडी के पास पहले से घात लगाए बैठे दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल दलवीर सिंह को तुरंत बुढलाडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लुधियाना के एक बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही, वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। बरेटा थाना प्रभारी कौर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस हमले को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से पड़ताल की जा रही है और तकनीकी व अन्य सबूतों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
13 Jul 2026 10:24 pm
Published on:
13 Jul 2026 10:24 pm
