राष्ट्रीय

अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की धमकी! सोशल मीडिया पोस्ट की जांच शुरू

अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की धमकी पाकिस्तान के आतंकी संगठन ने दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट का ज़रिए यह धमकी दी गई है, जिसके बाद इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

2 min read
May 18, 2026
Amarnath Yatra

ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) में भारत (India) से ज़बरदस्त मात खाने के बावजूद पाकिस्तान (Pakistan) आतंकियों के पोषण के दुस्साहस से बाज नहीं आ रहा और उसकी नज़र अब 3 जुलाई से शुरू हो रही पवित्र अमरनाथ यात्रा पर है। पता चला है कि पाकिस्तानी आतंकी संगठन फाल्कन स्क्वॉड ने अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra) पर आतंकी हमले (Terrorist Attack) की धमकी दी है।

सोशल मीडिया पर दी गई धमकी

फाल्कन स्क्वॉड ने अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की धमकी सोशल मीडिया के ज़रिए दी है। इस धमकी के वायरल होने के बाद खुफिया एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में अन्य अकाउंट्स को भी जांच के दायरे में रखा गया है और तकनीकी विश्लेषण के ज़रिये धमकी देने वालों का पता लगाया जा रहा है।

क्या दी धमकी?

आतंकियों की ओर से सोशल मीडिया पर अंग्रेजी में जारी पत्र में शोपियां में जामिया सिराज उल उलूम मस्जिद पर हुई कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा गया है कि इससे भारत का 'संंघी' शासन उनके लिए अमरनाथ यात्रियों को टारगेट करने का रास्ता बना रहा है। आतंकियों ने चेताया कि हिंदुत्व की मानसिकता और विचारधारा के दिल पर वार करने से वो झिझकेंगे नहीं। आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा के रास्ते पर ऐसा खून-खराबा करने की धमकी दी कि पहाड़ भी कांप उठेंगे।

कश्मीरियों को भी दी धमकी

आतंकियों ने कश्मीरियों को भी धमकाते हुए कहा कि जो स्थानीय निवासी भारत का सहयोग करते हैं, वो गद्दार और जोंक की तरह हैं। आतंकियों ने ऐसे कश्मीरियों को खत्म करने की ज़रूरत बताया।

टीआरएफ का प्रॉक्सी ग्रुप है फाल्कन स्क्वॉड

खुफिया सूत्रों के अनुसार फाल्कन स्क्वॉड पाकिस्तान के आतंकी संगठन द रेसिस्टेन्स फ्रंट - टीआरएफ (The Resistance Front – TRF) का एक प्रॉक्सी ग्रुप है। पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Terrorist Attack) का ज़िम्मेदार टीआरएफ पाकिस्तान के खूंखार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) का छद्म नामधारी गुट है। फाल्कन स्क्वॉड ने एक अन्य गुट मुस्लिम जांबाज फोर्स के साथ मिलकर फरवरी में भी कश्मीरी पंडितों की हत्या की धमकी देते पोस्टर जारी किया था।

सोशल मीडिया के नियंत्रण पर सवाल

सोशल मीडिया खासकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आतंकियों द्वारा आतंकी हमलों की धमकी देते पोस्टर और संदेश वायरल होने से इस पर नियंत्रण को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इंस्टाग्राम और फेसबुक की मालिकाना कंपनी मेटा अपनी डेंजरस ऑर्गेनाइज़ेशंस एंड इंडीविजुअल्स पॉलिसी के तहत ऐसी गतिविधियों को प्रतिबंधित करने की बात तो करती है लेकिन इन संदेशों को बिना सरकारी निर्देशों के स्वत: नही हटाया जाता। मौजूदा धमकी भी 29 अप्रैल से इंस्टाग्राम से फैलाई जा रही है, लेकिन मेटा ने काेई कार्रवाई नहीं की है।

Updated on:
18 May 2026 08:15 am
Published on:
18 May 2026 08:13 am
Also Read
View All