राष्ट्रीय

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में आरोपी प्रांजल ठाकरेल कौन है, क्या थी उसकी भूमिका?

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में 22 वर्षीय प्रांजल ठाकरेल गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने उसे 31 अक्टूबर तक हिरासत में लेकर अनिल पंडित से जुड़े कथित नेटवर्क की जांच शुरू की है। जानें कौन है प्रांजल ठाकरेल?
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 5:24 PM IST
Tiger Shroff news
टाइगर फायरिंग केस में श्रॉफ 22 वर्षीय प्रांजल ठाकरेल गिरफ्तार

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने 22 वर्षीय प्रांजल ठाकरेल को गिरफ्तार किया है। इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर चुका प्रांजल इस मामले में गिरफ्तार होने वाला 11वां आरोपी है। उसे मध्य प्रदेश के इंदौर से शुक्रवार को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, प्रांजल पर कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के निर्देश पर हमले को अंजाम देने, शूटरों के लिए पैसों और अन्य इंतजाम करने का आरोप है। जांचकर्ताओं का दावा है कि प्रांजल ने फायरिंग करने के अलावा वारदात में शामिल एक शूटर को दूसरी पिस्टल भी मुहैया कराई थी। पुलिस अब उसके मोबाइल फोन से मिले मैसेज और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि अनिल पंडित से उसके संपर्कों और विदेश में फैले कथित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

कौन है प्रांजल ठाकरेल?


22 वर्षीय प्रांजल ठाकरेल के पास इंजीनियरिंग की डिग्री है। पुलिस के मुताबिक, उसे मार्च में जमानत पर रिहा किया गया था। इससे पहले वह पानीपत में एक कारोबारी पर कथित हमले के मामले में जेल में बंद था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि उस हमले को भी अनिल पंडित के निर्देश पर अंजाम दिया गया था। जेल से बाहर आने के बाद प्रांजल कथित तौर पर फिर से अनिल पंडित के संपर्क में आया और मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ पर हमले की योजना बनाने लगा। पुलिस को संदेह है कि उसने हमले के लिए शूटरों तक पैसे पहुंचाने और जरूरी इंतजाम करने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, प्रांजल और अनिल पंडित पुलिस की नजर से बचने के लिए एक गुप्त मैसेजिंग ऐप के जरिए बातचीत करते थे। अब इस ऐप पर हुई बातचीत और प्रांजल के फोन में मिले डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है।

प्रांजल को रविवार को किला कोर्ट की अवकाशकालीन पीठ के सामने पेश किया गया, जहां से उसे 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर अनिल पंडित तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। अनिल पंडित इस मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल है और उसके विदेश में छिपे होने का संदेह है।

18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग


यह घटना 18 अक्टूबर की शाम की है। पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित पुष्पा नरसी पार्क, जिसे पुष्पा नरसी ग्राउंड के नाम से भी जाना जाता है, में फुटबॉल खेलने के बाद बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान कम से कम दो लोगों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, उन्होंने बाद में अंधेरी में मोटरसाइकिल छोड़ दी। इसके बाद वे सूरत पहुंचे और पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सवार हो गए। पुलिस ने तीन शूटरों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया था। बताया गया कि वे दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।

Updated on:
26 Oct 2026, 5:24 PM IST
Published on: