राष्ट्रीय

टीपू सुल्तान की तुलना शिवाजी से करने पर फंसे कांग्रेस नेता, FIR हुई दर्ज

कांग्रेस नेता सपकाल ने कहा था कि शिवाजी महाराज की वीरता और स्वराज की अवधारणा से प्रेरित होकर ही टीपू सुल्तान ने बाद में अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध लड़ा।

2 min read
Feb 15, 2026
Tipu Sultan controversy, Chhatrapati Shivaji Maharaj comparison row, Harshvardhan Sapkal statement, Indian National Congress leader remark,
कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल के खिलाफ एफआईआर हुई दर्ज (Photo-IANS)

देश में टीपू सुल्तान को लेकर एक बार फिर राजनीति तेज हो गई है। दरअसल, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी से कर दी। इसके बाद सियासी हलचल और बयानबाजी तेज हो गई। बीजेपी नेता धीरज घाटे की शिकायत पर पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बीजेपी नेता ने सपकाल पर हिंदुओं की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है। 

शिकायत के अनुसार, टीपू सुल्तान मुस्लिम और शिवाजी महाराज हिंदू थे; ऐसे में यह बयान सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ सकता है। सपकाल ने यह टिप्पणी शनिवार को उस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए की थी, जिसमें मालेगांव नगर निगम के उपमहापौर के कार्यालय में टीपू सुल्तान का चित्र लगाए जाने का विरोध शिवसेना और अन्य संगठनों द्वारा किया जा रहा है।

क्या बोले थे कांग्रेस नेता?

कांग्रेस नेता सपकाल ने कहा था कि शिवाजी महाराज की वीरता और स्वराज की अवधारणा से प्रेरित होकर ही टीपू सुल्तान ने बाद में अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध लड़ा। उन्होंने टीपू को महान योद्धा और भारत का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि उन्हें शिवाजी महाराज के समान साहस के प्रतीक के रूप में देखा जाना चाहिए।

बीजेपी ने की निंदा

हालांकि, भाजपा नेता घाटे ने इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इससे उन हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं जो शिवाजी महाराज को भगवान के समान मानते हैं।

पुलिस ने सपकाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 192, 196(1), 196(2), 352 और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

ओवैसी ने दी प्रतिक्रिया

इस मामले में AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी का भी प्रवेश हो गया है। सांसद ने कहा कि टीपू सुल्तान अंग्रेजों से लड़ते हुए शहीद हुए। टीपू ने अंग्रेजों को लव लेटर नहीं लिखे, जैसा वीर सावरकर ने किया था, जिसमें माफी मांगी हो और जो भी वे कहेंगे, वह करने का वादा किया हो। टीपू ने अपनी तलवार उठाई और अंग्रेजों से अपने देश को आजाद कराने की लड़ाई में शहीद हो गए।

उन्होंने आगे कहा कि क्या यह झूठ है कि APJ अब्दुल कलाम ने अपनी किताब विंग्स ऑफ फायर में लिखा था कि आज भारत के पास जो भी मिसाइल टेक्नोलॉजी और रॉकेट टेक्नोलॉजी है, हम टीपू के सपनों को पूरा कर रहे हैं? गांधी ने अपनी यंग एज मैगज़ीन में लिखा था कि टीपू सुल्तान हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल हैं।

Published on:
15 Feb 2026 11:18 am