
TMC Crisis: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर विवाद एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट और रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट को 27 नवंबर को चुनाव आयोग के सामने पेश होना है। दोनों गुट पार्टी के नाम और उसके चुनाव चिह्न 'घास पर दो फूल' पर अपना-अपना दावा पेश करेंगे।
दोनों पक्षों ने चुनाव आयोग के सामने हलफनामे और समर्थन से जुड़े डाक्यूमेंट्स जमा किए हैं। आयोग अब यह जांच करेगा कि संगठन और पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच किस गुट को कितना समर्थन हासिल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चुनाव आयोग के कार्यालय में 27 नवंबर को शाम 4 बजे सुनवाई निर्धारित की गई है। हालांकि, ममता बनर्जी गुट के सांसद कल्याण बनर्जी ने बताया कि उनके गुट को दोपहर 3 बजे पेश होने के लिए बुलाया गया है। कल्याण बनर्जी ने कहा कि उन्हें 27 नवंबर को दोपहर 3 बजे नई दिल्ली स्थित चुनाव आयोग के कार्यालय में सुनवाई के लिए बुलाया गया है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ही रितब्रत बनर्जी और अरूप रॉय गुट से जुड़े TMC विधायक अखरुज्जमां ने भी नोटिस मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उनके गुट के नेता तय कार्यक्रम के अनुसार चुनाव आयोग के सामने पेश होंगे।
चुनाव आयोग दोनों गुटों की ओर से पेश किए गए डाक्यूमेंट्स और हलफनामों की जांच करेगा। इसमें संगठनात्मक समर्थन और पार्टी के विधायकों तथा सांसदों के समर्थन का आकलन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद आयोग तय करेगा कि मूल तृणमूल कांग्रेस के नाम और उसके चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करने का अधिकार किस गुट को मिलेगा।
TMC के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर विवाद पर 28 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को तीन महीने के भीतर फैसला करने का निर्देश दिया था। अदालत ने दोनों गुटों को अपनी संगठनात्मक ताकत और पार्टी के भीतर समर्थन का ब्योरा देने वाले हलफनामे और अतिरिक्त डाक्यूमेंट्स जमा करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया था।