राष्ट्रीय

Monsoon Update: आज मुंबई पहुंचेगा मानसून, पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से कई राज्यों में होगी बारिश

IMD ने अलर्ट जारी किया है कि आज मानसून मुंबई पहुंच सकता है। पश्चिम विक्षोभ के असर से कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

2 min read
Jun 10, 2026
IMD alert for monsoon arrival in Mumbai.
उत्तर-पश्चिम भारत में 11 जून को एक मजबूत पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। (Photo- IANS)

IMD Alert: देश का दक्षिण-पश्चिम मानसून मुंबई की तरफ आगे बढ़ रहा है। 4 जून को केरल से शुरू होकर मानसून 6 दिन में 16 राज्यों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पूर्वोत्तर राज्यों, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक फैल चुका है। बुधवार सुबह तक मानसून के मुंबई पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों में और आगे बढ़ेगा। इधर उत्तर-पश्चिम भारत में 11 जून को एक मजबूत पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसका असर तीन दिन तक रहेगा। आईएमडी ने 11 व 12 जून को राजधानी दिल्ली समेत जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में तेज आंधी (50-70 किमी प्रति घंटा) और बारिश-ओले गिरने की संभावना के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

20 राज्यों तक फैली बारिश

मानसून के केरल तट पर पहुंचने के बाद पांच दिन के भीतर मानूसन व प्री-मानसून की बारिश 20 राज्यों तक फैल चुकी है। तटीय व पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा मध्य भारत और उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों तक बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों कर्नाटक में बारिश के दौरान जनजीवन खासा प्रभावित हुआ। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश और तेज आंधी का दौर जारी रहा।

सुपर अल नीनो बनने की चिन्ता

यूरोपीय मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट सेंटर के ताजा मॉडल्स के अनुसार एक सुपर अल नीनो बन रहा है, जो अब तक का सबसे ताकतवर अल नीनो साबित हो सकता है। दिसंबर तक प्रशांत महासागर में तापमान औसत से 3-4 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा सकता है। इससे भारत समेत विश्व स्तर पर मानसून के कमजोर पड़ने, सूखा और तीव्र मौसम की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा आइएमडी का अनुमान है कि इस बार पूरे मानसून सीजन (जून-सितंबर) में वर्षा 90 प्रतिशत (नीचे सामान्य) रह सकती है।

केरल के कई जिलों में अलर्ट

केरल के कई जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। 10 और 11 जून को मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं 12 जून को एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार अगले सात दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाली बारिश और कुछ स्थानों पर अचानक अत्यधिक वर्षा (क्लाउडबर्स्ट जैसी स्थिति) भी बन सकती है। मौसम में तेजी से बदलाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों और संबंधित एजेंसियों से सतर्क रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।