राष्ट्रीय

दिल्ली से जयपुर तक ट्रैफिक का कहर: हर साल 5 से 7 दिन जाम में बर्बाद, परिवार का वक्त और सेहत दोनों दांव पर

Impact of Traffic Jams on Health: बढ़ता ट्रैफिक जाम अब सिर्फ समय और ईंधन की बर्बादी नहीं, बल्कि पारिवारिक जीवन, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था पर भी भारी पड़ रहा है। देश के प्रमुख शहरों में यातायात दबाव लोगों का सुकून और क्वालिटी टाइम छीन रहा है।
3 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 8:17 AM IST
Urban Traffic Crisis
एशिया के 10 सबसे जाम वाले शहरों में छह भारत के हैं। (Photo-IANS)

Traffic Congestion in India: ट्रैफिक का दबाव अब परिवार के साथ बिताए जाने वाले अनमोल समय पर सीधा असर डाल रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बढ़ते यातायात दबाव की मार सिर्फ जेब और समय पर ही नहीं पड़ रही, बल्कि यह लोगों की मानसिक और शारीरिक सेहत को भी प्रभावित कर रही है। यानी परिवार के साथ बिताया जाने वाला क्वालिटी टाइम का एक हिस्सा लोगों का ट्रैफिक दबाव में गुजर रहा है। नतीजतन इस दबाव को कम करने के लिए बच्चों के स्कूल जाते समय ऑफिस के लिए निकलना और फिर ऑफिस से लौटने पर बच्चों का बेड टाइम हो जाना दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। सड़कों पर रेंगती गाड़ियां केवल महंगा ईंधन ही नहीं फूंक रहीं, बल्कि परिवार के हिस्से का आपसी संवाद और सुकून भी छीन रही हैं।

आंकड़े बताते हैं कि बेंगलूरु में लोग पीक आवर्स के दौरान साल में 168 घंटे यानी सात दिन अतिरिक्त समय गंवाते हैं। जयपुर में यह समय 121 घंटे यानी पांच दिन से ज्यादा है। पुणे में 152 घंटे, कोलकाता में 150 घंटे, चेन्नई में 132 घंटे और मुंबई में 126 घंटे अतिरिक्त समय ट्रैफिक की भेंट चढ़ता है। दिल्ली में भी लोग सालाना 104 घंटे जाम के कारण गंवा रहे हैं। यह समय सामान्य यातायात की तुलना में अतिरिक्त देरी का है।

क्या कहते हैं आंकड़े

एशिया और दुनिया में भारतीय शहरों की स्थिति

(टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स के अनुसार)

शहरदुनिया में रैंकएशिया में रैंकभीड़ स्तर (%)रश-आवर में सालाना समय
बेंगलूरु2174.4%168 घंटे 40 मिनट
पुणे5271.1%152 घंटे
मुंबई18663.2%126 घंटे
दिल्ली23760.2%104 घंटे
कोलकाता29958.9%उपलब्ध नहीं
जयपुर301058.7%121 घंटे
चेन्नई321158.6%132 घंटे
हैदराबाद471555.5%उपलब्ध नहीं
  • एशिया के 10 सबसे जाम वाले शहरों में छह भारत के हैं। भारत दुनिया में पांचवां और एशिया में दूसरा सबसे जाम वाला देश है।
  • दुनिया में पहले नंबर पर मैक्सिको सिटी (184 घंटे) है।
  • जयपुर में 2024 के मुकाबले करीब 9 घंटे ज्यादा जाम में गए।

जेब पर बोझ

  • चार महानगरों (दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता) में जाम से सालाना करीब 22 अरब डॉलर का नुकसान होता है। आर्थिक समीक्षा 2025-26 में इसका उल्लेख है।
  • सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरनमेंट की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार जाम से दिल्ली में अकुशल कामगार को सालाना 7,200 से 19,600 रुपए तक का नुकसान होता है।

सेहत का रेड सिग्नल

ये 5 गंभीर मेडिकल समस्याएं दे रहा ट्रैफिक

1- 'रोड रेज' और एंग्जायटी डिसऑर्डर: डब्ल्यूएचओ के अनुसार 65 डेसिबल से ऊपर का शोर सेहत के लिए हानिकारक है, जबकि भारतीय शहरों के जाम में 85 से 95 डेसिबल तक हॉर्न बजते हैं। इससे दिमाग में कोर्टिसोल (तनाव हार्मोन) का स्तर तेजी से बढ़ता है, जो गुस्से और एंग्जायटी को जन्म देता है।

2- स्पाइन, कमर और सर्वाइकल पेन: रोजाना दो घंटे से ज्यादा कार या बाइक चलाने वालों में लंबर स्पोंडिलोसिस (कमर दर्द) और सर्वाइकल के मरीजों में 35 फीसदी तक वृद्धि हुई है। बंपर-टू-बंपर ट्रैफिक में बार-बार क्लच और ब्रेक दबाने से घुटनों के कार्टिलेज घिसने की समस्या बढ़ रही है।

3- हाई बीपी और साइलेंट हार्ट अटैक का खतरा: जाम में फंसने पर शरीर लगातार तनाव की स्थिति में रहता है, जिससे एड्रेनालाईन हार्मोन बढ़ता है। इससे ब्लड प्रेशर और हृदय गति असामान्य होती है।

4- फेफड़ों पर जहरीला हमला: रेंगते हुए वाहनों के इंजन से सामान्य गति की तुलना में 40 से 50 फीसदी अधिक कार्बन मोनोऑक्साइड और पीएम 2.5 कण निकलते हैं। जाम में फंसा व्यक्ति सीधे इस जहरीली हवा में सांस लेता है, जिससे अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और आंखों में जलन बढ़ रही है।

5- नींद का चक्र ध्वस्त: देर रात तनाव और थकान के साथ घर लौटने से शरीर रिलैक्स नहीं हो पाता। इससे अनिद्रा और लगातार थकान बने रहने की शिकायतें शहरी युवाओं में आम हो गई हैं।

यातायात दबाव के तीन प्रमुख कारण

1- निजी वाहनों की बढ़ोतरी: सार्वजनिक परिवहन की कमी से कार और दोपहिया वाहनों पर निर्भरता बढ़ रही है।

2- शहरी नियोजन की कमी: आबादी और कॉलोनियां बढ़ रही हैं, लेकिन सड़कें, पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग उसी अनुपात में विकसित नहीं हो रहे।

3- एक समय पर आवाजाही: स्कूल, दफ्तर और बाजारों के समय एक जैसे होने से सुबह-शाम दबाव बढ़ता है। अतिक्रमण और सड़क किनारे पार्किंग भी जाम बढ़ाते हैं।

Updated on:
15 Nov 2026, 8:17 AM IST
Published on: