
Cash Recovery: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक शमीम अहमद ने शुक्रवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की। उन्होंने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सरीशा में पार्टी कार्यालय से बरामद 1,02,79,000 रुपये नकद की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है। यह इलाका डायमंड हार्बर पुलिस जिले में आता है। उन्होंने याचिका में आरोप लगाया है कि 5 नवंबर को जब्त की गई रकम पुलिस प्रशासन ने दफ्तर में रखवाई थी।
शमीम अहमद दक्षिण 24 परगना की मगराहाट (पश्चिम) सीट से विधायक हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल के अल्पसंख्यक गुट से जुड़े हैं। उन्होंने याचिका में आरोप लगाया है कि 5 नवंबर को जब्त की गई रकम पुलिस प्रशासन ने दफ्तर में रखवाई थी। इससे पहले डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी राज्य पुलिस पर पैसा रखवाने का आरोप लगाया था। उनका दावा था कि पांच महीने पहले इसी सरीशा दफ्तर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की थी।
अहमद ने अदालत में आशंका जताई है कि पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने कैनिंग (पश्चिम) के टीएमसी विधायक परेश राम दास का उदाहरण दिया, जिन्हें इसी महीने एक पुराने दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार किया गया था। उनकी चिंता की एक वजह यह भी है कि राज्य प्रशासन ने हाल ही में उनकी पुलिस सुरक्षा वापस ले ली। अहमद का कहना है कि सुरक्षा हटाना दास की तरह गिरफ्तारी की तैयारी का संकेत है।
एसपी से मुलाकात का दावा
याचिका के मुताबिक 1 नवंबर को डायमंड हार्बर थाने के प्रभारी ने फोन कर बताया कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) उनसे मिलना चाहते हैं। अहमद के अनुसार, अगले दिन मैं डायमंड हार्बर पुलिस जिले के एसपी से मिला। मुझसे अभिषेक बनर्जी और उनके गिरफ्तार सहयोगी सुमित रॉय के खिलाफ बयान देने को कहा गया। मैंने इनकार कर दिया।
अहमद से पहले गिरफ्तार सहयोगी सुमित रॉय की पत्नी सुष्मिता रॉय भी कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंच चुकी हैं। उन्होंने राज्य पुलिस पर हिरासत में प्रताड़ना का आरोप लगाया है। साथ ही पति के खिलाफ पश्चिम बंगाल पुलिस की जांच में चल रहे सभी मामलों की सीबीआई जांच की मांग की है।