राष्ट्रीय

भारत की बेइज्जती कर रहे ट्रंप फिर भी मोदी चुप, AAP का सरकार पर निशाना

AAP on Trump statement: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए AAP ने कहा कि ट्रंप ने वैश्विक मंच पर भारत का “खुला अपमान” किया है।

2 min read
Feb 21, 2026
Donald Trump India Pakistan tensions, Trump 200% tariff threat,
AAP ने मोदी सरकार को घेरा (PHoto-IANS)

Donald Trump India Pakistan tensions: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को रोकने के लिए दोनों देशों पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी थी।

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए AAP ने कहा कि ट्रंप ने वैश्विक मंच पर भारत का “खुला अपमान” किया है। पार्टी के मुताबिक, ट्रंप ने यह दावा किया कि आर्थिक दबाव डालकर उन्होंने पीएम मोदी को संघर्ष रोकने पर मजबूर किया। AAP ने यह भी कहा कि इस बयान के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को हंसते हुए देखा गया।

AAP ने उठाया सवाल

AAP ने सवाल उठाया कि जब बार-बार अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, तब प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी क्यों नहीं टूट रही। पार्टी ने कहा कि देश के लोग पूछ रहे हैं कि कोई सच्चा देशभक्त भारत के अपमान को कैसे बर्दाश्त कर सकता है।

बोर्ड ऑफ पीस कार्यक्रम में दिया था बयान

बता दें कि ट्रंप ने “बोर्ड ऑफ पीस” के एक कार्यक्रम में बयान दिया था। उन्होंने मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यदि दोनों देश लड़ाई जारी रखते, तो वह उनके साथ व्यापार समझौते रोक देते और भारी टैरिफ लगा देते।

ट्रंप के अनुसार, उन्होंने दोनों पक्षों से कहा था कि अगर संघर्ष जारी रहा तो प्रत्येक देश पर 200 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आर्थिक नुकसान के डर से दोनों देशों ने पीछे हटने का फैसला किया।

ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने इस संभावित युद्ध को रोककर “ढाई करोड़ लोगों की जान बचाई” और उस समय हालात बेहद गंभीर थे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि तनाव के दौरान “11 लड़ाकू विमान गिराए गए”, जिन्हें उन्होंने बेहद महंगे विमान बताया।

Published on:
21 Feb 2026 08:33 am