
Turkey Bus Accident: पश्चिमी तुर्किये में रविवार को एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर के बाद भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसा मनिसा प्रांत में अकहिसार हाईवे के प्रवेश द्वार के पास हुआ। यात्री बस उत्तर-पश्चिमी शहर बुर्सा से पश्चिमी तटीय शहर इजमिर जा रही थी। इसी दौरान बस की ट्रक से टक्कर हो गई और वह पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मेडिकल टीमों, पुलिसकर्मियों और बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी 27 घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया है। तुर्किये के गृह मंत्री मुस्तफा चिफ्तची ने भी हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि संबंधित सभी संस्थाओं के साथ मिलकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्थानीय मीडिया में सामने आई तस्वीरों में यात्री बस सड़क किनारे लगे सुरक्षा अवरोधों के ऊपर पलटी हुई दिखाई दी। टक्कर में बस का अगला शीशा भी टूट गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों में तुर्किये की आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (AFAD), स्वास्थ्य विभाग, दमकल कर्मियों, पुलिस और जेंडरमेरी के जवानों ने हिस्सा लिया। ओजकान के मुताबिक, सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं। घटनास्थल पर कार्रवाई मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय की निगरानी में जारी है। राष्ट्रपति के इनफार्मेशन डायरेक्टर बुरहानत्तिन दुरान ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। अधिकारियों ने फिलहाल टक्कर की वजह को लेकर कोई डिटेल जानकारी शेयर नहीं की है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।