राष्ट्रीय

सत्यभामा पर कथित टिप्पणी से गरमाई सियासत, TVK महिला विंग ने स्टालिन के खिलाफ 5 थानों में दर्ज कराई शिकायत

TVK Women Wing Complaint Police: धारापुरम उपचुनाव में सत्यभामा पर कथित टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ गया है। TVK महिला विंग ने पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
MK STYLIN
फोटो में TVK प्रमुख विजय और डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन (सोर्स- ANI)

MK Stalin Police Complaint: तमिलनाडु की सियासत में धारापुरम उपचुनाव को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। TVK की उम्मीदवार पी. सत्यभामा पर डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन की कथित टिप्पणी को लेकर मामला पुलिस तक पहुंच गया है। TVK महिला विंग ने तिरुचिरापल्ली शहर के पांच पुलिस स्टेशनों में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतों के बाद संबंधित थानों ने ‘कम्युनिटी सर्विस रजिस्टर’ (CSR) भी जारी किए हैं।

पांच पुलिस स्टेशनों में मामला दर्ज

TVK महिला विंग ने स्टालिन के खिलाफ श्रीरंगम, थिलाई नगर और सरकारी अस्पताल सहित पांच पुलिस स्टेशनों में शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धारापुरम उपचुनाव के प्रचार के दौरान सत्यभामा को लेकर अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई।

TVK का कहना है कि चुनावी मंच का इस्तेमाल किसी महिला उम्मीदवार की व्यक्तिगत टिप्पणी के लिए नहीं होना चाहिए। पार्टी ने इस मामले को महिला सम्मान से भी जोड़ा है। यह विवाद अचानक सामने नहीं आया। इससे पहले भी TVK ने स्टालिन की कथित टिप्पणी को लेकर चुनाव आयोग का रुख किया था। पार्टी ने आरोप लगाया था कि टिप्पणी चुनाव आचार संहिता के खिलाफ है।

विजय ने स्टालिन पर साधा निशाना

TVK प्रमुख विजय ने भी इस मुद्दे पर स्टालिन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि स्टालिन ने चुनावी सभा में सत्यभामा का मजाक उड़ाया और उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

विजय ने कहा कि महिलाओं के बारे में इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। उन्होंने इसे DMK की राजनीतिक संस्कृति से जोड़ते हुए पार्टी पर भी निशाना साधा।

आधव अर्जुन ने मांगी माफी

TVK के चुनाव अभियान प्रबंधन से जुड़े नेता आधव अर्जुन ने भी स्टालिन से माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत की है। इससे पहले अर्जुन ने चुनाव आयोग से स्टालिन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। TVK ने स्टालिन का स्टार कैंपेनर दर्जा रद्द करने और FIR दर्ज कराने की मांग भी की थी। बता दें धारापुरम में TVK की पी. सत्यभामा का मुकाबला DMK की एस. सुगन्या, AIADMK की के. भानुमति और अन्य उम्मीदवारों से है। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

Updated on:
08 Oct 2026 12:07 pm
Published on:
08 Oct 2026 12:07 pm