
Gujarat Road Accident: गुजरात के पाटण जिले की समी तहसील में गोचनाद गांव के पास शुक्रवार को कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर में बेंगलूरु के सोनी परिवार के दो सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनी परिवार मूल रूप से बेंगलुरु में रहता है और गुजरात घूमने आया था। परिवार द्वारका में दर्शन करने के बाद अपनी बेटी से मिलने के लिए भाभर की ओर जा रहा था। इसी दौरान समी के निकट गोचनाद गांव के पास तेज रफ्तार कार की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को बुलाया गया।
दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर समी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समी के सरकारी अस्पताल भेजे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी तरफ नानापोंढा-कपराडा-नासिक रोड पर शुक्रवार को ब्रेक फेल होने के कारण एक तेज रफ्तार टेम्पो अनियंत्रित हो गया। टेम्पो ने पहले कार को टक्कर मारी और फिर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सहित उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस को क्रेन बुलानी पड़ी।
हादसे में घायल अन्य लोगों को पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। इस मार्ग पर पहले भी गंभीर हादसे हो चुके हैं। फरवरी में ट्रक की टक्कर से कार में सवार एक ही गांव के सात लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, जून में टेम्पो, ट्रक, कार और बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक चालक की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों के कारण इस मार्ग पर वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।