
Delhi Congress Protest: कांग्रेस नेता और KKC के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज को मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्हें दिल्ली के केशव कुंज स्थित RSS मुख्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और डोमा परिसंघ ने मिलकर यह प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में प्राचीन ग्रंथ मनुस्मृति को जलाया गया। इसके साथ ही RSS की वर्दी भी जलाई गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की।
प्रदर्शनकारियों द्वारा मनुस्मृति और प्रतीकात्मक वर्दी जलाए जाने के बाद दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रदर्शन की पहले से जानकारी नहीं होने के कारण RSS मुख्यालय की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। डॉ. उदित राज समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं को पहाड़गंज थाने ले जाया गया।
हिरासत में लिए जाने से पहले उदित राज ने कहा कि वह केशव कुंज स्थित RSS मुख्यालय आए थे और उन्होंने मनुस्मृति जलाई। उन्होंने कहा कि उनके नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया और राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उदित राज ने आरोप लगाया कि RSS और सरकार भारतीय संविधान की जगह मनुस्मृति के विचारों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल यह प्रदर्शन उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुए एक कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम के विरोध में किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में एक जनसभा को संबोधित किया था। आरोप है कि उनके कार्यक्रम के बाद उसी जगह पर शुद्धिकरण यज्ञ किया गया। कांग्रेस और उससे जुड़े दलित संगठनों ने इसे खड़गे और दलित समुदाय का अपमान बताया है। इसके बाद हल्द्वानी मामले को लेकर नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अवाज उठाई तो उनके खिलाफ ही FIR दर्ज हो गई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शुद्धिकरण कार्यक्रम करने वालों पर कोई FIR दर्ज नहीं की गई। जबकि इस घटना के खिलाफ अवाज उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया।
इसी विवाद को लेकर पंजाब और हरियाणा के कांग्रेस नेताओं ने भी मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भूपिंदर सिंह हुड्डा और पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार वेरका समेत कई नेता शामिल हुए। पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया।