
UP Election 2027: विधानसभा सीटों के लिहाज से देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में अगले साल चुनाव होने हैं। एक ओर जहां भाजपा यहां जीत की हैट्रिक मारने के प्रयास में है। वहीं कांग्रेस भी समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर भाजपा को टक्कर देगी। ऐसे में सोमवार को दोनों ही पार्टियों की यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अहम बैठकें हुईं। इनमें एसआइआर में कटे वोट जोड़ने से लेकर गठबंधन में सीटों के बंटवारे जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई।
विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मथुरा के धुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर शुरू हुआ है। जिसमें चुनाव को लेकर रणनीति पर विचार विमर्श हो रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को इस बैठक में शामिल होंगे। चुनाव से करीब आठ महीने पहले पार्टी ने दूसरे राज्यों के अनुभवी संगठन मंत्रियों को भी यूपी के चुनावी मोर्चे पर उतार दिया है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, झारखंड और महाराष्ट्र के छह संगठन मंत्रियों को अस्थायी रूप से उत्तर प्रदेश में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सभी को प्रदेश के छह अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने का जिम्मा दिया गया है।
मंगलवार से चुनाव आयोग विशेष पुनरीक्षण सूची के लिए अभियान की शुरुआत करेगा। ऐसे में भाजपा अगले 10 दिनों तक छूटे हुए वोटरों का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए बूथवार कार्यकताओं की तैनाती कर रहा है। निष्पक्ष निगरानी के लिए राजस्थान,मध्यप्रदेश सहित अन्य प्रदेशों के 40 से 50 पदाधिकारियों की तैनाती की है। महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, प्रवासी मंच को सक्रिय किया गया है। भाजपा की रणनीति है कि शादी के बाद ससुराल आई नव दुल्हनों के नाम सूची में जोड़ा जाए। जिनका नाम सूची में अभी तक दर्ज नहीं हो सका है। सामूहिक विवाह योजना की लाभार्थी भी इसमें शामिल हैं। महिला मोर्चा को जिम्मेदारी जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को अहम बैठक की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल व यूपी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में सपा के साथ गठबंधन की बातचीत आगे बढ़ाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा ’मोना’ और इमरान मसूद को जिम्मा सौंपा गया है। दोनों दलों के बीच मंगलवार को बैठक होगी। कांग्रेस दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में व्यापक चुनावी अभियान शुरू कर सकती है। इसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता जनसभाएं करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अगले साल यूपी समेत पांच राज्यों पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले चुनावों में संभावित प्रत्याशियों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। उत्तर प्रदेश में अजय माकन, पंजाब में डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद और उत्तराखंड में दीपा दासमुंशी को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। गोवा में केजे जॉर्ज और मणिपुर में बीएम संदीप को जिम्मेदारी सौंपी गई है।