
India US Relations: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने शुक्रवार को मणिपुर दौरे के दौरान राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह से अलग-अलग मुलाकातें कीं। इन मुलाकातों में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूर्वोत्तर भारत पर विशेष नीति को भारत जैसे विविधतापूर्ण देश के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
अधिकारियों के अनुसार, गोर ने पहले लोक भवन में राज्यपाल से भेंट की और उसके बाद मंत्रीपुखरी स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचकर सीएम खेमचंद सिंह से बातचीत की। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, राजदूत ने मणिपुर की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए इसे एक असाधारण स्थान बताया और राज्य में पर्यटकों की आवाजाही से जुड़ी जानकारी भी हासिल की।
गोर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पूर्वोत्तर के विकास पर ध्यान केंद्रित करना उन्हें संतोष देता है, क्योंकि विविधता से भरे भारत के लिए यह क्षेत्र खास महत्व रखता है। उन्होंने यह भी बताया कि पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच का रिश्ता सामान्य कूटनीतिक संबंधों से कहीं आगे है, और ट्रंप इस व्यक्तिगत जुड़ाव को बेहद अहमियत देते हैं।
मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने राजदूत को आगामी मणिपुर संगाई महोत्सव 2026 में शिरकत करने का निमंत्रण दिया। उन्होंने पर्यटन को राज्य में विकास की बड़ी संभावना बताते हुए कहा कि भारत खुद में एक "मिनी वर्ल्ड" है और मणिपुर, 36 समुदायों के साथ, एक "मिनी इंडिया" जैसा है।
21 से 30 नवंबर तक "डेस्टिनेशन मणिपुर" थीम पर आयोजित होने वाला यह दस दिवसीय उत्सव राज्य की कला-संस्कृति, हथकरघा, हस्तशिल्प, ललित कला, पारंपरिक खेल, स्थानीय व्यंजन और संगीत को प्रदर्शित करेगा। इसके साथ ही इको-टूरिज्म और एडवेंचर स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दिया जाएगा। आयोजन में विभिन्न राज्यों, विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधियों और सांस्कृतिक दलों की भागीदारी अपेक्षित है, साथ ही फैशन शो और संगीत कार्यक्रम भी होंगे।
गोर के साथ कोलकाता स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज़ भी मौजूद थीं, जबकि मुख्यमंत्री की ओर से मुख्य सचिव राजीव सिंह ठाकुर सहित राज्य के अधिकारी उपस्थित रहे। यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब मणिपुर सरकार राज्य को पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने और इस क्षेत्र में नए अवसर तलाशने में जुटी है।