
नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे नीरज कुमार (फोटो- X post/ @SadanJee)
Bihar Politics: बिहार विधानपरिषद चुनावों की सबसे चर्चित सीट पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार नीरज कुमार जीत चुके हैं। चुनाव जीतने के बाद वे नीतीश कुमार से मिलने 7 सर्कुलर रोड पहुंचे। साथ ही जेडीयू प्रदेश कार्यालय में नीरज कुमार का भव्य स्वागत किया गया।
इसी बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह की विधायकी को लेकर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वे इस विषय की समीक्षा कर रहे हैं, ऐसे में नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अनंत सिंह की विधायकी को लेकर स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि उन्हें जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का पत्र मिला था। इसमें बताया गया है कि पार्टी ने अनंत सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले की समीक्षा की जा रही है। इसके बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि मोकामा विधायक अनंत सिंह ने एमएलसी चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। वहीं, अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध किया था। इससे पार्टी नाराज हो गई और उसने अनंत सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 6 साल के लिए निकाल दिया है। साथ ही उनकी पत्नी को भी 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह को हार का सामना करना पड़ा। इस पर मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कहा कि जनता का फैसला सबसे ऊपर है। अब चुनाव के नतीजों पर चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है। जिन उम्मीदवारों को लोगों ने वोट दिया, वे जीत गए और जिन्हें वोट नहीं मिले, उन्हें हार मिली।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव जीतने के बाद जेडीयू नेता नीरज कुमार ने अपनी जीत का श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार को दिया। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस चुनाव में निशांत कुमार ने अहम भूमिका निभाई। नीरज कुमार ने 3N फॉर्मुला भी दिया। उन्होंने कहा कि N फॉर नीतीश कुमार, N फॉर निशांत कुमार और N फॉर नीरज कुमार। उन्होंने कहा कि ये तीनों नाम एक क्रम में आते हैं।
Updated on:
28 Oct 2026, 7:38 PM IST
Published on:
28 Oct 2026, 7:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.