राष्ट्रीय

Char Dham Yatra suspended: चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, जारी हुई एडवाइजरी

Char Dham Yatra: उत्तराखंड में भारी बारिश और खराब मौसम के अलर्ट के चलते चारधाम यात्रा दो दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फैसला लिया।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Char Dham Yatra
चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित

Char Dham Yatra News: उत्तराखंड में खराब मौसम और भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। भारी बारिश के कारण चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है। चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा होती है। अधिकारियों के मुताबिक मौसम की स्थिति सामान्य होने और यात्रा मार्गों को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

बारिश और भूस्खलन का खतरा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। चारधाम क्षेत्र के लिए भी भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दर्ज की गई है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क अवरुद्ध होने का खतरा बढ़ जाता है।

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण मंदिर के आसपास भी बर्फ गिरने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा धारचूला, ओम पर्वत और मुनस्यारी की ऊंची पहाड़ियों पर भी बर्फबारी दर्ज की गई है।

आदि कैलाश यात्रा के नए परमिट पर रोक

पिथौरागढ़ में खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने आज आदि कैलाश यात्रा के लिए नए परमिट जारी नहीं करने का फैसला लिया है। पहले से यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और यात्रियों को गुंजी में ही ठहरने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि मौसम के सामान्य होने तक बेवजह आवाजाही न करें। ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदलने की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पांच जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, टिहरी और हरिद्वार में येलो अलर्ट है।

Updated on:
26 Sept 2026 03:35 pm
Published on:
26 Sept 2026 03:21 pm