राष्ट्रीय

केरल में आज से UDF का राज: मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे वी.डी. सतीशन, करीब 60 साल बाद पूरा मंत्रिमंडल एक साथ लेगा शपथ

UDF Kerala Government Formation 2026: केरल में आज UDF सरकार का गठन होगा। वी.डी. सतीशन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और करीब 60 साल बाद पूरा मंत्रिमंडल एक साथ शपथ ग्रहण करेगा।

2 min read
May 18, 2026
केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वी.डी. सतीशन ने तिरुवनंतपुरम स्थित लोक भवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। (फोटो: ANI)

VD Satheesan To Take Oath as Kerala CM: केरल में एक दशक बाद सत्ता में लौट रही यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सरकार का आज औपचारिक आगाज होगा। कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन आज सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ पूरा मंत्रिमंडल भी एक साथ शपथ ग्रहण करेगा। बताया जा रहा है कि करीब 60 साल बाद केरल में ऐसा मौका आएगा, जब मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट एक साथ शपथ लेगी।

शपथ ग्रहण समारोह राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित होगा। इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए वी.डी. सतीशन ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर मंत्रियों की सूची सौंपी।

ये भी पढ़ें

PM मोदी को स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान: ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार’ से नवाजे गए प्रधानमंत्री, मिला 31वां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड

20 सदस्यीय कैबिनेट का ऐलान

वी.डी. सतीशन ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में नई सरकार की पूरी कैबिनेट सूची जारी की। 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल में कांग्रेस और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।

कैबिनेट में रमेश चेन्निथला, के. मुरलीधरन, केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ, पीके कुन्हालीकुट्टी, पीके बशीर, एन. शम्सुद्दीन, केएम शाजी, वीई अब्दुल गफूर, मॉन्स जोसेफ, शिबू बेबी जॉन, अनूप जैकब, सीपी जॉन, एपी अनिल कुमार, टी. सिद्दीकी, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदू कृष्णा, एम. लिजू, केए तुलसी और ओ.जे. जनेश जैसे नेताओं को जगह मिली है।

सतीशन ने यह भी घोषणा की कि वरिष्ठ नेता थिरुवंचूर राधाकृष्णन विधानसभा अध्यक्ष होंगे, जबकि शानीमोल उस्मान को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा।

कई योग्य नेता बाहर भी रह गए

वी.डी. सतीशन ने कहा कि कांग्रेस के 63 विधायकों में कई ऐसे नेता हैं जो मंत्रिमंडल में जगह पाने के हकदार थे, लेकिन सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन, महिलाओं और दलित प्रतिनिधित्व जैसे कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना पड़ा।

उन्होंने कहा, “कुछ योग्य नेता मंत्रिमंडल से बाहर रह गए हैं, इसका दुख भी है। लेकिन गठबंधन की मजबूरियां और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखना जरूरी था।”

रिकॉर्ड समय में बनी सरकार

सतीशन ने दावा किया कि सरकार गठन की पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड समय में पूरी की गई। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों और कांग्रेस नेतृत्व से बातचीत के बाद 24 घंटे के भीतर मंत्रिमंडल पर सहमति बन गई।

उन्होंने इसे केरल के इतिहास में सबसे तेज सरकार गठन प्रक्रिया बताया।

IUML को मिले पांच मंत्री पद

UDF की अहम सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को नई सरकार में पांच मंत्री पद मिले हैं। पार्टी की ओर से पीके कुन्हालीकुट्टी, पीके बशीर, एन. शम्सुद्दीन, केएम शाजी और वीई अब्दुल गफूर को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

पार्टी ने यह भी कहा है कि ढाई साल बाद कुट्टियाडी विधायक परक्कल अब्दुल्ला को भी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।

चुनाव में मिली थी ऐतिहासिक जीत

2026 के केरल विधानसभा चुनाव में UDF ने बड़ी जीत हासिल करते हुए 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने 63 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि IUML को 22 सीटें मिलीं।

वहीं, पिछले 10 साल से सत्ता में रही लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को केवल 35 सीटों पर संतोष करना पड़ा। बीजेपी ने तीन सीटों पर जीत हासिल की।

जनता से किए वादे पूरे करने का दावा

शपथ ग्रहण से पहले कई नेताओं ने जनता से किए वादों को पूरा करने का भरोसा जताया। कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने कहा कि नई सरकार महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा समेत चुनावी घोषणाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी।

वहीं, रोजी एम जॉन ने कहा कि केरल की जनता ने UDF को भारी जनादेश दिया है और सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेगी।

ये भी पढ़ें

PM मोदी के स्वीडन दौरे का मेगा आगाज, ग्रीन ट्रांजिशन और AI तकनीक को बूस्ट करने पर रहेगा दोनों देशों का फोकस
Published on:
18 May 2026 01:42 am
Also Read
View All
PM मोदी को स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान: ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार’ से नवाजे गए प्रधानमंत्री, मिला 31वां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड

PM मोदी के स्वीडन दौरे का मेगा आगाज, ग्रीन ट्रांजिशन और AI तकनीक को बूस्ट करने पर रहेगा दोनों देशों का फोकस

‘टीएमसी सरकार ने ही मेरे बेटे को मरवाया है, शुभेन्दु अधिकारी मेरे साथ हैं और रहेंगे’, चंद्रनाथ रथ की मां ने दिया बड़ा बयान

VIDEO: स्वीडन की धरती पर गूंजी बंगाली धुन! PM मोदी के स्वागत में प्रवासी भारतीयों ने बांधा ऐसा समां, झूम उठे लोग

‘गाय का बर्थ सर्टिफिकेट दिखाओ’, बंगाल में बीजेपी विधायक की अजीबोगरीब डिमांड, टीएमसी अब ले रही चुटकी