
Vijay Mallya Kingfisher Airlines: भगोड़ा घोषित कारोबारी विजय माल्या ने भारतीय जांच एजेंसियों के खिलाफ एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। माल्या ने सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार पोस्ट लिखकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। माल्या का कहना है कि दोनों एजेंसियां उनके खिलाफ झूठे मामले तैयार कर रही हैं। बिना किसी अदालती सुनवाई के जनता के बीच उनका चरित्र हनन किया जा रहा है। माल्या ने यह भी दावा किया कि बैंकों का पूरा बकाया कर्ज चुकाए जाने के बाद भी उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
हाल ही में माल्या ने खुद को भगोड़ा मानने से साफ इनकार किया था। उन्होंने दलील दी थी कि ब्रिटेन की कानूनी प्रक्रिया के कारण उनके देश छोड़ने पर रोक लगी हुई है। ऐसे में वे भारत नहीं आ सकते।
माल्या ने जांच एजेंसी की हालिया कार्रवाइयों से जुड़े बयानों का हवाला देते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने लिखा कि दुनिया के किसी भी देश में ऐसी व्यवस्था नहीं है। वहां एजेंसियां बिना निष्पक्ष अदालती सुनवाई के इस तरह अपनी उपलब्धियों का ढिंढोरा नहीं पीटतीं। माल्या ने कहा कि न तो अभी कोई अंतिम फैसला आया है और न ही पूरा ट्रायल हुआ है। इसके बावजूद सार्वजनिक तौर पर उनकी छवि खराब की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों जांच एजेंसियां झूठे आरोप गढ़ने में माहिर हैं। वे धीरे-धीरे इन सभी दावों की सच्चाई लोगों के सामने लाएंगे।
आईडीबीआई बैंक से लिए गए 900 करोड़ रुपये के कर्ज पर माल्या ने विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि यह पूरा कर्ज ब्याज समेत बैंकों को लौटा दिया गया है।
माल्या के मुताबिक, किंगफिशर एयरलाइंस के कर्ज प्रस्ताव को बैंक के निदेशक मंडल ने हर स्तर पर मंजूरी दी थी। उस बोर्ड में रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। माल्या ने सवाल किया कि जब कर्ज नियमों के तहत मंजूर हुआ था तो केवल बैंक अफसरों और उनकी कंपनी के अधिकारियों को ही दोषी क्यों ठहराया जा रहा है।
माल्या ने केंद्रीय जांच ब्यूरो पर एक और बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एजेंसी उनके निजी विमान के इस्तेमाल को अपराध साबित करने में जुटी है।
माल्या के अनुसार, अधिकारियों ने उनके साथ विमान में सफर करने वाले एक खास व्यक्ति का नाम बताने का भारी दबाव बनाया था। उन्होंने वह नाम बताने से साफ मना कर दिया। माल्या ने कहा कि आज देश में कई उद्योगपतियों के पास निजी विमान हैं। अपने परिवार या दोस्तों के साथ सफर करना कोई जुर्म नहीं है। उनकी अन्य कंपनियों ने उस विमान के इस्तेमाल के लिए बाकायदा किराया भी चुकाया था।
माल्या ने कहा कि जांच एजेंसी खुद अदालत में मान चुकी है कि उनसे 14,131 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति वसूल की जा चुकी है। यह रकम उनके मूल कर्ज से कहीं अधिक है।
गौरतलब है कि इसी साल बॉम्बे हाई कोर्ट ने विजय माल्या को कड़ी फटकार लगाई थी। अदालत ने कहा था कि भारतीय अदालतों की कार्रवाई से बचकर वे किसी राहत की उम्मीद नहीं कर सकते। अदालत ने उन्हें भारत लौटने के अपने इरादे पर रुख साफ करने का अंतिम मौका दिया था। माल्या ने भगोड़ा आर्थिक अपराधी कानून को भी अदालत में चुनौती दे रखी है।