राष्ट्रीय

अनंत सिंह की नकल उतारते हुए मीसा भारती ने कसा तंज, बोलीं- पहले JDU में थे, अब पता नहीं किस दल में जाएंगे, वीडियो वायरल

आरजेडी सांसद मीसा भारती ने एक कार्यक्रम में भोजपुरी गायक गुंजन सिंह का नाम लेकर अनंत सिंह की राजनीतिक स्थिति पर चुटकी ली। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 9:30 AM IST
Misa Bharti, Anant Singh, Gunjan Singh
अनंत सिंह के साथ गुंजन सिंह और राजद सांसद मीसा भारती

Misa Bharti on Anant singh: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह हाल ही में अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर चर्चा में रहे। अब सोशल मीडिया पर RJD सांसद मीसा भारती का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह भोजपुरी गायक गुंजन सिंह का जिक्र करते हुए अनंत सिंह की राजनीतिक स्थिति पर चुटकी लेती दिख रही हैं। उन्होंने भोजपुरी अंदाज में कहा कि गुंजन सिंह पहले जेडीयू के नेता थे, अब पता नहीं किस दल में जाएंगे।

वायरल वीडियो में क्या है?

वीडियो में मीसा भारती मुस्कुराती और सहज नजर आ रही हैं। वह अनंत सिंह के खास अंदाज की नकल करते हुए कहती हैं, "एक नेता… एक नेता एक कलाकार को बोल रहे थे…अरे गुंजन। अब उनकी बात करें तो, वह JDU के नेता थे, अभी पता नहीं कि वह आगे किस पार्टी में जाएंगे, या किसी पार्टी में जाएंगे भी या नहीं।"

मीसा भारती आगे भोजपुरी में कहती हैं, "लेकिन हम आरजेडी के लोग बोलेंगे… ऐ चंदन की हाल हौ? तो हम लोग वही बोल रहे हैं, ऐ चंदन, कोनो दिक्कत नइखे।" मीसा भारती की बात सुन कर वहां मौजूद लोग हंसने लगते हैं।

अनंत सिंह और गुंजन सिंह के बीच क्या संबंध है?

गुंजन सिंह एक प्रसिद्ध भोजपुरी गायक हैं और अनंत सिंह के बड़े समर्थक रहे हैं, दोनों को अक्सर कई कार्यक्रमों में एक साथ देखा गया है। अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों के दौरान भी गुंजन सिंह उनसे मिलने भी गए थे। उस मौके पर उन्होंने अनंत सिंह के नाम पर 'घोड़ा वाला अब पगली रेस होवो हय' गाना भी गाया था।

इससे पहले मई 2016 में गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में एक जनेऊ संस्कार कार्यक्रम हुआ था। इस कार्यक्रम में अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह, दोनों शामिल हुए थे। बाद में इस कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए जिनमें कथित तौर पर हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील गानों पर लोगों को नाचते हुए देखा गया था। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी।

जदयू से निष्कासित हो चुके हैं अनंत सिंह

मीसा भारती का यह तंज अनंत सिंह की राजनीतिक स्थिति को लेकर है। अनंत सिंह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू की पार्टी से जुड़े हुए थे, लेकिन विधान परिषद (MLC) चुनाव के दौरान उनके और पार्टी के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हुए एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह ने जेडीयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया। इसे पार्टी-विरोधी गतिविधि मानते हुए जेडीयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी, दोनों को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया। पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष से भी आग्रह किया कि वे अनंत सिंह की सदस्यता के संबंध में कार्रवाई करें।

Updated on:
28 Nov 2026, 9:30 AM IST
Published on: