राष्ट्रीय

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में शशि थरूर का बयान, बोले- संविधान पर हमला नहीं होगा तो देश में अराजकता भी नहीं फैलेगी

Congress Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपना राजनीतिक भविष्य तय करने का अधिकार मिलना चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 3:26 PM IST
Vote Bachao Desh Bachao Rally
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बीजेपी पर साधा निशाना (Photo-IANS)

Vote Bachao Desh Bachao Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से वोट बचाओ देश बचाओ रैली आयोजित की जा रही है। इसी बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सीजेआई और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि उन्हें जानकारी मिल रही है कि रामलीला मैदान में लाखों लोग जुट चुके हैं। वे जनता के इस उत्साह को देखने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि जनता पूरी तरह हमारे साथ है।

कांग्रेस सांसद थरूर ने कहा कि उनकी लड़ाई अराजकता की नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा की है। यदि संविधान पर हमला नहीं होगा तो देश में अराजकता की स्थिति भी पैदा नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है। हर नागरिक को यह अधिकार मिलना चाहिए कि वह अपने राजनीतिक भविष्य का फैसला खुद कर सके। इस अधिकार को किसी भी व्यक्ति या संस्था की ओर से छीना नहीं जाना चाहिए।

रैली में नेताओं ने क्या कहा? 

कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि यह एक संदेश है। आक्रोश और असंतोष का संदेश। यह संदेश है कि संविधान किसी के खिलौने की तरह नहीं है। 

कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि देश में एक जन-क्रांति की शुरुआत हो चुकी है। 'सम्राट' का सिंहासन डगमगा रहा है और देश की जनता एक स्पष्ट संदेश दे रही है। न तो संविधान पर हमले बर्दाश्त किए जाएंगे और न ही वोटों की चोरी। राहुल गांधी और पूरे विपक्ष के नेतृत्व में रामलीला मैदान से उठी यह ललकार, देश के कोने-कोने तक गूंजेगी।

कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने कहा कि आज रामलीला मैदान में लाखों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। राहुल गांधी के नेतृत्व में, पूरे INDIA गठबंधन इसके सभी नेताओं और लाखों समर्थकों ने आज एक संकल्प लिया है। BJP और मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश में जो हालात पैदा कर दिए हैं, हम उन्हें और आगे नहीं चलने देंगे। हम इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे; जनता ने अपना फैसला कर लिया है।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि हम सभी भारत के लोगों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने और उनके वोट देने के अधिकार को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अगर हमारे लोकतंत्र के सामने कोई खतरा या संकट आता है, तो आवाज़ उठाना, संघर्ष करना और लोगों को यह भरोसा दिलाना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है कि हम उनके वोट को सुरक्षित रखेंगे। 

Updated on:
1 Nov 2026, 3:26 PM IST
Published on: