राष्ट्रीय

मौसम ने ली करवट: 2 अप्रैल को आएगा एक नया पश्चिमी विक्षोभ, 8 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

IMD Weather Update: अगले एक सप्ताह तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होगी। आइएमडी के अनुसार… नीचे पढ़ें पूरी मौसम अपडेट।
less than 1 minute read
Mar 28, 2026
मौसम का बदला मिजाज (photo source- Patrika)
मौसम का बदला मिजाज (photo source- Patrika)

IMD Weather Alert: मौसम ने अचानक करवट ले ली है और अब आने वाले दिनों में राहत के साथ-साथ परेशानी भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक कई राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। 2 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिससे मौसम और ज्यादा बिगड़ सकता है।

कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, यानी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खेतों में खड़ी फसलों और रोजमर्रा के काम पर इसका असर पड़ सकता है। कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं ओले गिरने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

तूफानी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव के चलते रविवार व सोमवार को राजधानी दिल्ली, राजस्थान समेत 8 राज्यों में आंधी-ओले और बारिश का मौसम रहेगा। हिमालयी रेंज में भारी बारिश व बर्फबारी का दौर जारी रहेगा वहीं मैदानी क्षेत्रों के राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होगी।

मौसम विभाग ने दो दिन के लिए तूफानी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 2 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा। ऐसे में एक सप्ताह तक बारिश का मौसम बना रहेगा।

इन राज्यों के लिए चेतावनी-

आइएमडी के अनुसार 29 मार्च को पश्चिमी राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल व लद्दाख में बारिश व ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट व अन्य 12 राज्यों में येलो अलर्ट तथा 30 मार्च को पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्यप्रदेश व मध्य महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट व अन्य 14 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।