राष्ट्रीय

बंगाल में फिर बीजेपी सांसद के काफिले पर हमला, पार्टी ने कहा भाड़े के गुंडों से नहीं डरेंगे हम

दार्जिलिंग से बीजेपी सांसद राजू बिष्ट के काफिले पर शनिवार शाम सुखिया पोखरी इलाके में अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किया गया। बिष्ट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस हमले की जानकारी दी है।

2 min read
Oct 19, 2025
दार्जिलिंग से बीजेपी सांसद राजू बिष्ट के काफिले पर हमला (फोटो - आईएएनएस)

पश्चिम बंगाल में दिन पर दिन विपक्षी भाजपा पार्टी के नेताओं पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ दिनों पार्टी के कई नेताओं पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमले किए जा रहे है। भाजपा का आरोप है कि यह हमले सीएम ममता बनर्जी और उनकी पार्टी द्वारा कराए जाते है। इसी बीच अब एक और भाजपा सांसद पर हमले की खबरे सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को सुखिया पोखरी इलाके के पास मजधुरा इलाके में दार्जिलिंग से बीजेपी सांसद राजू बिष्ट के काफिले पर हमला हुआ है।

ये भी पढ़ें

दुर्गापुर रेप केस में बड़ा खुलासा, आरोपियों में से एक निकला पीड़िता का बॉयफ्रेंड

सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी जानकारी

बिष्ट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस घटना की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, सुखिया पोखरी के पास मासधुरा में आज मेरे काफिले पर अज्ञात बदमाशों ने हमला किया। हालांकि, वह कायर हमला तो मुझ पर करना चाह रहे थे, लेकिन गलती से उन्होंने मेरे ठीक पीछे वाली गाड़ी पर अटैक कर दिया। बिष्ट ने आगे लिखा, हमारे क्षेत्र के लिए इंटरलोक्यूटर की घोषणा के ठीक बाद हुए इस हमले का समय बहुत संदिग्ध है और यह क्षेत्र की शांति भंग करने की साज़िश की ओर इशारा करता है।

बिष्ट ने ममता सरकार पर भी साधा निशाना

बता दे कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, डुअर्स और तराई क्षेत्र में गोरखा से जुड़े मामलों के लिए एक सरकारी वार्ताकार (इंटरलोक्यूटर) को नियुक्त करने का फैसला लिया है। बिष्ट ने अपने पोस्ट में इस बात की जिक्र करते हुए इस ओर इशारा किया कि यह हमला इस फैसले के विरोध में हुआ है। इस पोस्ट के जरिए बिष्ट ने ममता सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा, जो लोग कोलकाता के वफ़ादार हैं, अगर उन्हें लगता है कि ऐसे हमलों से हम घबरा जाएंगे, तो वे ग़लत हैं। हम डरे हुए नहीं हैं, और इस तरह के कायरतापूर्ण हमले सिर्फ़ हमारे हौसलों को और बढ़ाते हैं।

दुनिया की कोई भी ताक़त हमें नहीं रोक सकती - बिष्ट

बिष्ट ने आगे लिखा, मैं उन लोगों को चेतावनी दे रहा हूं जिन्होंने आज शांति भंग करने की कोशिश की है, हम आपकी कोशिशों को कामयाब नहीं होने देंगे। हम अपने क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए काम करेंगे, और दुनिया की कोई भी ताक़त हमें ऐसा करने से रोक नहीं सकती। बता दे कि हाल ही में भाजपा सांसद खागेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर भी जलपाईगुड़ी ज़िले के नागराकाटा इलाके में अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किया गया था। इन घटनाओं के कुछ ही दिनों बाद अब भाजपा के एक और नेता, बिष्ट पर हमले की यह खबर सामने आई है।

पार्टी नेताओं ने की घटना की निंदा

घटना के बाद बिष्ट ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, पश्चिम बंगाल में सांसदों पर हमले, भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और जनता का शोषण आम हो गया है। यही TMC सरकार की खास पहचान है। बीजेपी के लोग गांवों तक पहुंचते है इससे TMC को परेशानी होती है। बिष्ट के साथ साथ पार्टी के अन्य नेताओं ने भी इस हमले की निंदा की। नेता प्रतिपक्ष सुवेन्दु अधिकारी ने इस घटना पर बात करते हुए कहा कि, TMC के गुंड़ों ने बिष्ट पर हमला किया है। पार्टी नेता दिलीप घोष ने कहा, बंगाल में सब जगह हिंसा बढ़ रही है। TMC डराकर चुनाव जीतना चाहती है।

Published on:
19 Oct 2025 09:07 am
Also Read
View All